UP STF ने अंतरराज्यीय ड्रग्स सिंडिकेट का किया खुलासा, 2 तस्कर गिरफ्तार
Bareilly News: उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ की बरेली यूनिट ने सोमवार की शाम कैंट थाना क्षेत्र के कांधरपुर (उमरसिया मोड़ के पास) से दोनों आरोपियों को दबोचा। इनके कब्जे से 2.120 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 21 लाख रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही अफीम में मिलावट कर उसकी मात्रा बढ़ाने वाले कई कैमिकल्स और उपकरण भी बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान राजू कुमार डांगी (निवासी चतरा, झारखंड) और महेश पाल (निवासी हंडोलिया भोलापुर, थाना कैंट, बरेली) के रूप में हुई है। एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक अब्दुल कादिर के पर्यवेक्षण में उपनिरीक्षक अमित कुमार, मुख्य आरक्षी गिरिजेश पोसवाल, शिवओम पाठक, सुनीत कुमार और दिलीप कुमार की टीम ने इस सफल ऑपरेशन को अंजाम दिया।
झारखंड से सप्लाई, बरेली में मिलावट और 4 राज्यों में डिलीवरी
पूछताछ के दौरान झारखंड के चतरा जिले के रहने वाले आरोपी राजू कुमार डांगी ने कुबूल किया कि वह रांची से अफीम की खेप लाकर बरेली में महेश पाल को सौंपता था। वहीं, बरेली के शातिर तस्कर महेश पाल ने बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि वह शुद्ध अफीम में कुटकी, चपड़ा चाप, गोंद, तेल और चीनी जैसे अन्य कैमिकल्स व नशीले पदार्थ मिलाकर उसे रिफाइन करता था। इस मिलावट से वह अफीम की मात्रा को दोगुना-तिगुना कर लेता था।
तैयार किए गए इस खतरनाक मिश्रण को वह खुद ही ट्रांसपोर्ट कर उत्तर प्रदेश, पंजाब, दिल्ली और उत्तराखंड के अलग-अलग इलाकों में सप्लाई करता था। महेश पाल पिछले 3 सालों से इस अवैध धंधे में लिप्त था और इससे होने वाली मोटी कमाई से अपनी आलीशान जिंदगी जी रहा था।
तस्करों के पास से सिर्फ अफीम ही नहीं, बल्कि नशा तैयार करने वाली पूरी मिनी-लैब पकड़ी गई है। पुलिस ने मौके से निम्नलिखित सामान बरामद किया है।
नशीले पदार्थ: 2.120 किग्रा अफीम, 300 ग्राम कुटकी, 700 ग्राम चपड़ा चाप, 2.180 किग्रा गोंद, 88 ग्राम काला रंग, 130 ग्राम तेल और 145 ग्राम चीनी।
उपकरण: 630 ग्राम पिघला हुआ गोंद, 2 डिजिटल तराजू (छोटी-बड़ी), 2 स्मार्टफोन।
फैक्ट्री का सामान: 1 गैस सिलेंडर व भट्टी, लोहे की कड़ाही, पलटा और नशीले पदार्थों को पैक व सील करने वाली पॉलीथिन पैकिंग मशीन।
एसटीएफ के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ बरेली के कैंट थाने में एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 8/18 के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरोपी महेश पाल का पहले से ही आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।
साल 2023: थाना कैंट, बरेली में एनडीपीएस एक्ट की धारा 18/29(1), 8 के तहत मुकदमा दर्ज।
साल 2024: थाना कैंट, बरेली में बीएनएस (BNS) की धाराओं 126(2), 132, 190, 191(2) और 7 क्रिमिनल लॉ अमेंडमेंट एक्ट के तहत केस दर्ज। आगे की पूरी कानूनी और विधिक कार्रवाई स्थानीय कैंट थाना पुलिस द्वारा की जा रही है।
Also Read: वाराणसी में फर्जी कॉल सेंटर पर पुलिस का एक्शन, 250 से अधिक युवकों को कराया मुक्त, 7 गिरफ्तार

