UP T20 League का आगाज 14 अगस्त से, इकाना में लॉन्च हुए उद्घाटन समारोह के टिकट

UP T20 League: उत्तर प्रदेश में क्रिकेट का रोमांच एक बार फिर लौटने वाला है। यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन का आगाज 14 अगस्त से होगा। सोमवार को लखनऊ के भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान लीग के भव्य उद्घाटन समारोह के टिकट लॉन्च किए गए। इस बार लीग का आयोजन पहली बार दो शहरों – लखनऊ और कानपुर में किया जाएगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में इसे एक बड़ा कदम माना जा रहा है। आधुनिक खेल सुविधाओं और बड़े आयोजनों के जरिए उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना रहा है।

14 अगस्त को होगा रंगारंग उद्घाटन समारोह

UP T20 League के उद्घाटन समारोह के लिए 4,000 टिकट रियायती दरों पर जारी किए गए हैं। अपर ब्लॉक की टिकट 349 रुपये और लोअर विंग की टिकट 499 रुपये रखी गई है। टिकट ‘ई-डिस्ट्रिक्ट’ ऐप के जरिए ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर उपलब्ध होंगे।

उद्घाटन समारोह में प्रसिद्ध सितार वादक ऋषभ रिखीराम शर्मा और मशहूर गायिका जैस्मीन सैंडलास अपनी प्रस्तुति देंगी। इसके अलावा भव्य ड्रोन शो, आतिशबाजी और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र होंगे। कार्यक्रम का संचालन जाने-माने एंकर जतिन सप्रू करेंगे।

दो शहरों में होगी UP T20 League

यूपी टी-20 लीग की गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने बताया कि इस बार लीग का आयोजन दो चरणों में होगा।

  • पहला चरण: 14 से 26 अगस्त – इकाना स्टेडियम, लखनऊ
  • दूसरा चरण: 28 अगस्त से – ग्रीन पार्क स्टेडियम, कानपुर
  • फाइनल मुकाबला: 6 सितंबर – ग्रीन पार्क स्टेडियम, कानपुर

लखनऊ में उद्घाटन समारोह सहित 22 मैच, जबकि कानपुर में 12 मुकाबले खेले जाएंगे। इस तरह पूरे UP T20 League सीजन में कुल 34 रोमांचक मैच क्रिकेट प्रेमियों को देखने को मिलेंगे।

Also Read: इंग्लैंड सीरीज के बाद रोहित शर्मा ने तोड़ी चुप्पी, रिटायरमेंट की अफवाहों पर कही बड़ी बात

Get real time updates directly on you device, subscribe now.