‘नहीं छोड़ेंगे जंतर-मंतर’, CJP प्रमुख अभिजीत का ऐलान, आज फिर संसद मार्च की तैयारी
CJP Parliament March: दिल्ली में सोमवार को हुए ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान हिंसा और पुलिस कार्रवाई के बावजूद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने कहा कि प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर नहीं छोड़ेंगे और मंगलवार को एक बार फिर संसद की ओर मार्च किया जाएगा। उनका कहना है कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
सोमवार देर रात मीडिया से बातचीत में अभिजीत दिपके ने कहा, “हम फिर से संसद मार्च करेंगे। हम प्रदर्शन स्थल नहीं छोड़ेंगे।” उन्होंने बताया कि अगले चरण की रणनीति पर पार्टी की बैठक चल रही है और जल्द ही आधिकारिक कार्यक्रम जारी किया जाएगा।
हिंसक झड़प के बाद भी आंदोलन जारी
संसद के मानसून सत्र के पहले दिन आयोजित CJP के ‘संसद चलो’ (CJP Parliament March) मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों और दिल्ली पुलिस के बीच तीखी झड़प हुई। पुलिस ने भीड़ को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की, आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया। वहीं प्रदर्शन के दौरान कई जगह पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आईं।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, इस झड़प में 118 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए, जिनमें कई वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं। वहीं 70 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
जंतर-मंतर लौटे प्रदर्शनकारी
पुलिस कार्रवाई के बाद प्रदर्शनकारी फिर से जंतर-मंतर पहुंच गए। CJP का आरोप है कि पुलिस ने वहां लगाया गया उनका मंच हटा दिया, लेकिन इसके बावजूद कार्यकर्ता प्रदर्शन स्थल पर डटे हुए हैं। पार्टी का कहना है कि आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक उनकी प्रमुख मांगों पर सरकार फैसला नहीं लेती।
दिल्ली पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने और कानून-व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि किसी भी तरह की हिंसक या गैरकानूनी गतिविधि के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और अपुष्ट सूचनाओं से बचने की भी अपील की गई है।
Also Read: ‘मैं अनशन जारी रखूंगा…’ अस्पताल से वांगचुक का बड़ा ऐलान, सरकार को फिर दी चुनौती

