UP बनेगा स्पोर्ट्स हब: अब हर विधानसभा में बनेंगे मिनी स्टेडियम और हर मंडल में स्पोर्ट्स कॉलेज
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को खेल, युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल (PRD) विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान प्रदेश को खेल के क्षेत्र में आत्मनिर्भर और उत्कृष्ट बनाने की दिशा में कई बड़े ऐलान किए।

उन्होंने कहा कि राज्य के हर विधानसभा क्षेत्र में एक मिनी स्पोर्ट्स स्टेडियम और हर मंडल में एक स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इन परियोजनाओं की हर स्तर पर नियमित समीक्षा हो – साप्ताहिक तौर पर उच्चाधिकारी, पंद्रह दिन में प्रमुख सचिव और मासिक स्तर पर मंत्री इन कार्यों का निरीक्षण करें।
‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ की तर्ज पर होंगे स्पोर्ट्स कॉलेज
सीएम योगी ने कहा कि मंडल स्तर पर बन रहे स्पोर्ट्स कॉलेजों को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जाए, ताकि यहां से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार हो सकें।
इसके साथ ही इन कॉलेजों को स्टेट स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी से जोड़ा जाएगा, ताकि खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण और सुविधाएं मिल सकें।
खिलाड़ी चयन में पारदर्शिता, प्रतियोगिताएं ग्राम से राज्य स्तर तक
मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत, विकासखंड, जिला, मंडल और राज्य स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि इससे छिपी हुई खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए प्रशिक्षित किया जा सकेगा। खिलाड़ी चयन की प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाने पर भी बल दिया गया।
PRD जवानों को आपदा प्रबंधन और ट्रैफिक कंट्रोल की ट्रेनिंग
CM योगी ने निर्देश दिया कि PRD जवानों और मंगल दलों को आपदा प्रबंधन और यातायात नियंत्रण का प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर इनकी सेवाएं प्रभावी रूप से ली जा सकें।
स्पोर्ट्स इन्फ्रास्ट्रक्चर का हो रहा तेजी से विकास
मुख्यमंत्री ने बताया कि पूरे प्रदेश में तेजी से स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास हो रहा है। वर्तमान में प्रदेश में तीन मंडलों में स्पोर्ट्स कॉलेज संचालित हैं और तीन अन्य में निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है।
उन्होंने शेष 12 मंडलों में स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना की प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश दिए।
Also Read: Rishabh Pant IPL Salary: पंत की सैलरी से कटेगा मोटा टैक्स, जानें आखिर बचेंगे कितने करोड़?

