चुनाव आयोग के खिलाफ दिल्ली में हाईवोल्टेज ड्रामा! बीच सड़क पर लेटीं प्रियंका, कहा- ‘पुलिस ने गिराया और खरोंचा’

INDIA Alliance Protest in Delhi: दिल्ली में चुनाव आयोग (Election Commission) की कार्यशैली और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार (Gyanesh Kumar) के इस्तीफे की मांग को लेकर INDIA गठबंधन के प्रदर्शन के दौरान बुधवार को एक बार फिर जोरदार हंगामा हुआ। जंतर-मंतर की ओर बढ़ रहे विपक्षी सांसदों को दिल्ली पुलिस ने रोककर हिरासत में लेना शुरू किया। इसी दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) सड़क पर लेट गईं।

प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें गिरा दिया और शरीर पर कई जगह खरोचा भी। सड़क पर लेटे हुए उन्होंने कहा कि जो सांसद सिर्फ चुनाव आयुक्त से मिलना चाहते हैं, उनके साथ इस तरह का व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने सांसदों के साथ मारपीट की और उन्हें जमीन पर गिराया।

Priyanka Gandhi ने कहा कि जब तक पुलिस अपनी फोर्स वापस नहीं बुलाती, वह वहां से नहीं हटेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि वह और प्रदर्शनकारी पीछे हटने वाले नहीं हैं।

राहुल गांधी को पुलिस बस में ले गई, कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा

प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) को भी दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया। पुलिस उन्हें बस में बैठाकर दूसरी जगह ले जा रही थी। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बस के पहिए की हवा निकालने और उसे पंचर करने की कोशिश की, जिससे मौके पर तनाव और बढ़ गया।

सड़क पर लेटी प्रियंका गांधी को भी पुलिस ने उठाया और बस में बैठाकर दूसरी जगह ले गई। दोनों नेताओं को हिरासत में लिए जाने के दौरान वहां मौजूद कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। बुधवार की यह कार्रवाई मंगलवार के घटनाक्रम के बाद हुई, जब राहुल और प्रियंका समेत कई विपक्षी नेताओं को आकाशवाणी भवन में लंबे धरने के बाद हिरासत में लिया गया था।

‘मोदी तेरी तानाशाही नहीं चलेगी’ के नारे

INDIA Alliance Protest in Delhi Priyanka Gandhi

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘नहीं चलेगी, नहीं चलेगी, मोदी तेरी तानाशाही नहीं चलेगी’ जैसे नारे लगाए। इस बीच केरल के कांग्रेस नेता और विधानसभा में विपक्ष के नेता वी. डी. सतीसन (V. D. Satheesan) भी केरल हाउस से जंतर-मंतर के पास उस स्थान की ओर मार्च करते नजर आए, जहां INDIA ब्लॉक के सांसदों को पुलिस ने रोक रखा था।

सतीसन ने राहुल गांधी और Priyanka Gandhi की हिरासत की आलोचना करते हुए कहा कि लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई जारी रहेगी।

मंगलवार को भी दिल्ली में लगा था लंबा जाम

इससे पहले मंगलवार को INDIA गठबंधन के सांसदों ने चुनाव आयोग के मुख्यालय की ओर मार्च करने की कोशिश की थी। पुलिस ने उन्हें आकाशवाणी भवन के पास रोक दिया था। इसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य नेताओं ने वहां धरना दिया, जो कई घंटे चला। बाद में पुलिस ने उन्हें वहां से हटाकर हिरासत में लिया। इस प्रदर्शन के चलते लुटियंस दिल्ली में कई प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रभावित हुआ था और पुलिस ने कई जगह रास्ते बंद कर ट्रैफिक डायवर्ट किया था।

पप्पू यादव का आरोप, ‘आज प्रियंका गांधी को पीटा गया’

प्रियंका गांधी के साथ कथित दुर्व्यवहार को लेकर पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव (Pappu Yadav) ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने दावा किया कि प्रियंका गांधी और राहुल गांधी की जान को खतरा है और आरोप लगाया कि प्रियंका को उस समय पीटा गया, जब वह अपने कार्यकर्ताओं और सांसदों को बचा रही थीं।

पप्पू यादव ने चुनावी प्रक्रिया को लेकर विपक्ष के आरोपों का जिक्र करते हुए कहा कि राहुल गांधी लोकतंत्र और गरीबों के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं और उनके खिलाफ साजिश की जा रही है। ये पप्पू यादव के आरोप हैं, जिनकी स्वतंत्र पुष्टि इस रिपोर्ट में नहीं हुई है।

Also Read: आकाशवाणी भवन में जबरन घुसने पर राहुल गांधी और प्रियंका पर FIR दर्ज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.