उज्जैन में शाही मस्जिद को लेकर बवाल, पथराव के बाद पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले

सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत सड़क चौड़ीकरण की जद में मस्जिद का हिस्सा, हाईकोर्ट में आज सुनवाई

Ujjain News: सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के बीच सड़क चौड़ीकरण को लेकर उज्जैन की शाही मस्जिद का मामला गरमा गया है।

मस्जिद के एक हिस्से को हटाने की कार्रवाई के विरोध में रविवार रात से बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुटे रहे।

सोमवार को प्रदर्शन के दौरान पथराव की स्थिति बनी, जिसके बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

प्रशासन कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक करीब 900 मीटर लंबे मार्ग को 15 मीटर चौड़ा करने की तैयारी कर रहा है।

इस सड़क चौड़ीकरण की जद में शाही मस्जिद का कुछ हिस्सा भी आ रहा है। प्रशासन ने कार्रवाई के लिए जेसीबी और पोकलेन मशीनें मौके पर पहुंचाईं, जिसके बाद विरोध तेज हो गया।

2000 पुलिसकर्मी तैनात

तनाव को देखते हुए इलाके में करीब 2000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। मस्जिद के आसपास बैरिकेडिंग कर आवाजाही नियंत्रित की गई।

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। स्थिति पर RAF और STF की टीमें भी नजर रख रही हैं।

बताया जा रहा है कि सड़क चौड़ीकरण की जद में आने वाले कई धार्मिक स्थलों को आपसी सहमति से हटाया जा चुका है। हालांकि शाही मस्जिद को लेकर विवाद बना हुआ है।

हाईकोर्ट में आज सुनवाई

मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने के खिलाफ मुस्लिम पक्ष ने हाईकोर्ट का रुख किया है। पहले इंदौर पीठ की एकल पीठ याचिकाएं खारिज कर चुकी है और आंशिक कार्रवाई की अनुमति दी गई थी।

अब मामले में आज (28 सितंबर) हाईकोर्ट की युगल पीठ में सुनवाई होनी है।

फिलहाल, प्रशासन की कार्रवाई और अदालत की सुनवाई, दोनों पर नजर बनी हुई है।

Also Read: Bank Strike टली! 28-30 सितंबर को नहीं बंद होंगे बैंक, IBA-UFBU बैठक में बनी सहमति

Get real time updates directly on you device, subscribe now.