लखनऊ के निजी अस्पताल में जच्चा-बच्चा की मौत पर बवाल, परिजन 3 घंटे तक शव रखकर करते रहे प्रदर्शन

Lucknow News: लखनऊ के बिजनौर इलाके में बलवंत खेड़ा स्थित सीमा हॉस्पिटल में डिलीवरी के दौरान जच्चा-बच्चा (माँ और नवजात) दोनों की मौत हो जाने के बाद सोमवार देर शाम भीषण हंगामा हुआ। मृतका के गुस्साए परिजनों ने शव को अस्पताल के सामने रखकर करीब 3 घंटे तक विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी की। इस दौरान, अस्पताल के स्टाफ पर अस्पताल में ताला बंद करके भाग जाने का आरोप लगा है। मृतका की पहचान कानपुर रोड स्थित एलडीए कॉलोनी के निवासी मजदूर बेचालाल की 30 वर्षीय पत्नी ममता के रूप में हुई है।

4 लाख न देने पर इलाज में हुई लापरवाही

बेचालाल ने प्रसव पीड़ा होने पर शनिवार तड़के ममता को सीमा हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। परिजनों के मुताबिक, भर्ती के समय अस्पताल ने 30 हजार रुपये मांगे थे, जिसमें से 25 हजार रुपये जमा कर दिए गए थे। दोपहर बाद ऑपरेशन हुआ, लेकिन ममता ने मृत बच्चे को जन्म दिया।

परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद अधिक खून बहने के कारण ममता की तबीयत बिगड़ने लगी। इस पर अस्पताल प्रबंधन ने इलाज के लिए 4 लाख रुपये और दो यूनिट खून की मांग की। परिजनों ने खून की व्यवस्था तो कर दी, लेकिन पैसे की व्यवस्था नहीं हो पाई।

परिजनों का आरोप है कि पूरा पैसा न देने पर इलाज में लापरवाही बरती गई। सोमवार देर शाम जब परिजन कुछ और पैसे लेकर अस्पताल पहुँचे, तो डॉक्टरों ने महिला को ट्रॉमा सेंटर ले जाने को कहा। एम्बुलेंस बुलाकर ममता को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

ममता की मौत होते ही अस्पताल का पूरा स्टाफ हड़बड़ा गया और अस्पताल में ताला बंद करके मौके से भाग गया। इससे आक्रोशित परिजनों ने शाम 7 बजे से रात करीब 10 बजे तक हंगामा किया और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पहुँचे एसीपी कृष्णा नगर रजनीश वर्मा ने परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। इसके बाद हंगामा थमा और पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से अभी लिखित तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलते ही उचित धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: Lucknow News: फ्लैट में घुसकर युवती और उसके भाई से मारपीट, पुलिस पर FIR न लिखने का आरोप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.