मध्य-पूर्व में युद्ध की आहट: अमेरिका ने जारी की सख्त ट्रैवल एडवाइजरी, ईरान ने दी जवाबी हमले की चेतावनी

Sandesh Wahak Digital Desk: मध्य-पूर्व (मिडल-ईस्ट) में अमेरिका और ईरान के बीच गहराते सैन्य तनाव का असर अब पूरी दुनिया पर दिखने लगा है। होर्मुज जलडमरूमध्य में उपजे ताजा संकट के कारण जहाँ वैश्विक ऊर्जा और तेल बाजार में उथल-पुथल मची है, वहीं तेजी से बिगड़ते सुरक्षा हालात को देखते हुए अमेरिकी विदेश विभाग ने अपने नागरिकों के लिए एक बेहद सख्त ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है।

अमेरिकी विदेश विभाग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर चेतावनी साझा करते हुए कहा, मध्य-पूर्व में बढ़ा हुआ तनाव सुरक्षा माहौल को लगातार जटिल और संवेदनशील बना रहा है। यहाँ किसी भी समय कोई अप्रत्याशित और हिंसक घटनाक्रम हो सकता है। इसलिए सभी अमेरिकी नागरिक इस क्षेत्र की यात्रा करने या यहाँ से होकर गुजरने के अपने फैसले पर तुरंत पुनर्विचार करें। प्रशासन ने क्षेत्र में पहले से मौजूद नागरिकों को स्थानीय सुरक्षा निर्देशों का पालन करने और हाई-अलर्ट पर रहने की सलाह दी है।

यह एडवाइजरी डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के उस रणनीतिक कदम के बीच आई है, जिसके तहत अमेरिका दर्जनों अतिरिक्त मिलिट्री रिफ्यूलिंग विमान इजरायल भेजने की योजना बना रहा है। इस कदम का सीधा मकसद ईरान के खिलाफ किसी भी संभावित लंबे सैन्य अभियान को मजबूती देना है।

इस बीच, ईरान की सेना ने भी कड़ा रुख अपनाते हुए अमेरिका और उसके सहयोगी देशों को खुली चेतावनी दी है। तेहरान ने कहा है कि वे ईरान की भीषण जवाबी कार्रवाई का सामना करने के लिए तैयार रहें। ईरान ने उन पड़ोसी देशों को भी आगाह किया है जिनकी जमीन का इस्तेमाल अमेरिकी सेना कर रही है, और अपने नागरिकों को सैन्य ठिकानों से दूर रहने का अलर्ट जारी किया है।

समुद्री टैंकरों पर हमले को लेकर बढ़ा ब्लेम गेम

तनाव के बीच दोनों देशों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी तेज हो गया है। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने सीधा आरोप लगाया है कि अमेरिकी खुफिया एजेंसियों की गलत और भ्रामक जानकारियों के चलते ही समुद्र में दो कमर्शियल टैंकर बिछी हुई माइंस (समुद्री बारूद) की चपेट में आ गए, जिससे उनमें भीषण आग लग गई। हालांकि, अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने ईरान के इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे पूरी तरह झूठा, मनगढ़ंत और प्रोपेगैंडा करार दिया है।

Also Read: अस्थमा में फेफड़ों के लिए कितने जरूरी हैं Vitamin A और D? जानिए क्या कहती है नई स्टडी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.