पीएम मोदी से मिले अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो, रणनीतिक रिश्तों पर हुई अहम चर्चा, व्हाइट हाउस का दिया न्योता

Sandesh Wahak Digital Desk: भारत और अमेरिका के बीच रणनीतिक और कूटनीतिक रिश्तों को और मजबूत करने के लिए अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो शनिवार को नई दिल्ली पहुंचे, जहाँ उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस उच्च स्तरीय बैठक में दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय संबंध, व्यापार, रक्षा सहयोग और क्षेत्रीय सुरक्षा जैसे कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान अमेरिकी विदेश मंत्री ने पीएम मोदी को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से जल्द ही व्हाइट हाउस आने का आधिकारिक निमंत्रण भी दिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो का स्वागत कर मुझे बेहद खुशी हुई। हमने भारत-अमेरिका वैश्विक रणनीतिक साझेदारी की प्रगति और वैश्विक शांति पर सार्थक बातचीत की। दोनों देश मिलकर वैश्विक कल्याण के लिए काम करते रहेंगे।

हिंद-प्रशांत क्षेत्र और तकनीक पर साझा विजन

विदेश मंत्री रूबियो के साथ भारत आए अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भी इस बैठक को बेहद खास बताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ सुरक्षा, व्यापार और क्रिटिकल टेक्नोलॉजी (महत्वपूर्ण तकनीकों) के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर सकारात्मक बातचीत हुई है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत, अमेरिका का एक बेहद महत्वपूर्ण साझेदार है और दोनों देश मिलकर एक स्वतंत्र व मुक्त हिंद-प्रशांत (इंडो-पैसिफिक) क्षेत्र की सोच को आगे बढ़ा रहे हैं।

कोलकाता से शुरू हुआ दौरा

पिछले साल कार्यभार संभालने के बाद मार्को रूबियो की यह पहली भारत यात्रा है। शनिवार सुबह भारत पहुंचने के बाद उन्होंने अपने दौरे की शुरुआत कोलकाता से की, जहाँ उन्होंने मिशनरीज ऑफ चैरिटी का दौरा किया। इस पर राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि ऐसे पल दर्शाते हैं कि भारत-अमेरिका के संबंध सिर्फ नीतियों पर नहीं, बल्कि साझा मानवीय मूल्यों और सेवा की भावना पर टिके हैं। अपने चार दिवसीय दौरे के दौरान रूबियो आगरा और जयपुर के ऐतिहासिक स्थलों का दीदार भी करेंगे।

26 मई को दिल्ली में जुटेगा क्वॉड का मंच

अमेरिकी विदेश मंत्री रविवार को भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इसके बाद, उनका मुख्य फोकस मंगलवार (26 मई) को नई दिल्ली में होने वाली क्वॉड (Quad) देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक पर रहेगा। भारत की मेजबानी में होने वाली इस बड़ी बैठक में विदेश मंत्री एस. जयशंकर के अलावा अमेरिका से मार्को रूबियो, ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग और जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी शामिल होकर वैश्विक मुद्दों पर मंथन करेंगे।

Also Read: आजम खान को दो पैन कार्ड मामले में अब काटनी होगी 10 साल की जेल, कोर्ट ने जुर्माना भी 10 गुना बढ़ाया

Get real time updates directly on you device, subscribe now.