प्रतापगढ़ का 50 हजार रुपये का इनामी तस्कर प्रयागराज से गिरफ्तार
Prayagraj News: उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए प्रतापगढ़ जिले के शातिर अपराधी और 50,000 रुपये के इनामी बदमाश मो० इब्राहिम को गिरफ्तार कर लिया है। इब्राहिम लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहा था। एसटीएफ की फील्ड इकाई प्रयागराज ने उसे प्रयागराज-लखनऊ मार्ग पर तेलियरगंज इलाके से मंगलवार सुबह धर दबोचा।
फरार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एसटीएफ प्रयागराज के डिप्टी एसपी शैलेश प्रताप सिंह और इंस्पेक्टर जय प्रकाश राय की टीम अभिसूचना संकलन में जुटी थी। मंगलवार सुबह करीब 10:02 बजे सटीक सूचना मिली कि प्रतापगढ़ के देल्हूपुर थाने में वांछित इब्राहिम प्रयागराज के शिवकुटी थाना क्षेत्र में मौजूद है। सूचना मिलते ही एसटीएफ की टीम ने तेलियरगंज चौराहे के पास घेराबंदी की और आजाद मार्केट के सामने से उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान इब्राहिम ने अपना गुनाह कुबूल करते हुए रोंगटे खड़े कर देने वाली जानकारी दी। उसने बताया कि 16-17 जनवरी 2026 की रात उसने अपने साथियों के साथ मिलकर ग्राम बरसण्डा से गायें चुराई थीं। आरोपियों ने न केवल उनका वध किया, बल्कि क्रूरता की हदें पार करते हुए गायों के सिर काटकर नदी में फेंक दिए और मांस बेचने की नीयत से अवशेष लेकर भाग निकले थे। इस जघन्य घटना के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश कर रही थी और उस पर 50 हजार का इनाम घोषित किया गया था।
प्रयागराज से चित्रकूट तक फैला था नेटवर्क
गिरफ्तार अभियुक्त मो. इब्राहिम (निवासी अहमदपुर असरौली, प्रयागराज) का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। वह एक आदतन अपराधी है जिस पर गैंगस्टर एक्ट, गोवध निवारण अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। प्रयागराज के पूरामुफ्ती थाने में गैंगस्टर एक्ट और गोवध के 4 मुकदमे। चित्रकूट के बरगढ़ थाने में पशु क्रूरता, धोखाधड़ी और गैंगस्टर एक्ट के 3 मुकदमे। प्रतापगढ़ के देल्हूपुर थाने में हत्या के प्रयास (बीएनएस 303-2) और गोवध का ताजा मामला।
एसटीएफ ने इब्राहिम को प्रतापगढ़ के देल्हूपुर थाना पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस अब उससे उसके अन्य साथियों के बारे में पूछताछ कर रही है जो इस सिंडिकेट का हिस्सा हैं। स्थानीय पुलिस द्वारा उसे जेल भेजने और अग्रिम विधिक कार्यवाही की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
Also Read: दो साल से इस गंभीर बीमारी से जूझ रहीं अलका याग्निक, नहीं ले पा रहीं नए सिंगिंग असाइनमेंट

