वैभव सूर्यवंशी के भाई ने भी दिखाया दम, पहले शतक से मचाया धमाल, बाउंड्री से बटोरे 86 रन
Sandesh Wahak Digital Desk: क्रिकेट जगत में इन दिनों वैभव सूर्यवंशी का नाम चर्चा में है। महज 15 साल की उम्र में बड़े गेंदबाजों पर बेखौफ अंदाज में प्रहार कर उन्होंने दुनिया का ध्यान खींचा है।
उन्हें BCCI ने आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के साथ एशियन गेम्स के स्क्वॉड में शामिल किया है। इसी बीच अब उनके छोटे भाई आशीर्वाद सूर्यवंशी भी अपने प्रदर्शन को लेकर सुर्खियों में आ गए हैं।
समस्तीपुर में खेले गए एक अभ्यास मैच में आशीर्वाद सूर्यवंशी ने अपने करियर का पहला शतक जड़ते हुए शानदार बल्लेबाजी का नमूना पेश किया। उन्होंने 87 गेंदों में 103 रन बनाए, जिसमें 20 चौके और एक छक्का शामिल रहा।
खास बात यह रही कि उनकी पारी के 86 रन सिर्फ बाउंड्री के जरिए आए। इस उपलब्धि की जानकारी उनके भाई उज्ज्वल सूर्यवंशी ने सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की।

आशीर्वाद भी अपने बड़े भाई वैभव की तरह ओपनिंग बल्लेबाज हैं और उनका खेल भी उसी निडर अंदाज की झलक देता है। आक्रामक स्ट्रोकप्ले और गेंदबाजों पर दबाव बनाने की उनकी क्षमता ने क्रिकेट प्रेमियों का ध्यान खींचा है।
आशीर्वाद के शतक पर परिवार में भी खुशी का माहौल है। पिता संजीव सूर्यवंशी ने सोशल मीडिया पर बेटे की तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि उनके छोटे बेटे ने प्रैक्टिस मैच में पहला शतक बनाया है और सभी से उसके लिए आशीर्वाद बनाए रखने की अपील की।
वहीं, वैभव सूर्यवंशी इस समय इंडिया-ए टीम के साथ श्रीलंका में ट्राई सीरीज खेल रहे हैं। उन्होंने पहले मैच में श्रीलंका के खिलाफ 14 रन और अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे मैच में 22 गेंदों में 44 रनों की तेज पारी खेली।
आगामी आयरलैंड दौरे पर उनके इंटरनेशनल डेब्यू की संभावना है। अगर ऐसा होता है, तो वैभव भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन जाएंगे।
Also Read: टीम इंडिया का आयरलैंड दौरा रद्द होने की आशंका, वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू पर संकट

