अभिषेक बनर्जी के घर पर पुलिस का छापा, ताला तोड़कर अंदर घुसी टीम, मौके पर पहुंचीं ममता बनर्जी

Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल की राजनीति में शनिवार तड़के उस समय भारी खलबली मच गई, जब पश्चिम मिदनापुर की सालबोनी पुलिस की एक विशेष टीम ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के दक्षिण कोलकाता स्थित आवास पर औचक छापेमारी की। डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (DSP) की अगुवाई और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के जवानों की मौजूदगी में यह टीम तड़के करीब 3 बजे कालीघाट रोड स्थित अभिषेक बनर्जी के घर पहुंची। यह कार्रवाई अभिषेक बनर्जी के फरार एग्जीक्यूटिव असिस्टेंट सुमित रॉय की तलाश में की गई थी, जिनके साल्बोनी थाने में दर्ज एक मामले के सिलसिले में यहाँ छिपे होने की आशंका थी।

दो घंटे इंतजार करने के बाद तोड़ा मुख्य दरवाजे का ताला

छापेमारी के दौरान सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम में बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मी भी शामिल थीं। टीम ने अभिषेक बनर्जी के घर के मुख्य दरवाजे पर बार-बार दस्तक दी, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। करीब दो घंटे से अधिक समय तक बाहर इंतजार करने के बाद, पुलिस ने सख्त रुख अपनाया। आखिरकार, राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के कर्मचारियों को मौके पर बुलाया गया और उनकी मदद से मुख्य गेट का ताला तोड़कर पुलिस टीम घर के भीतर दाखिल हुई।

छापेमारी की खबर मिलते ही पूर्व मुख्यमंत्री और टीएमसी अध्यक्ष ममता बनर्जी भी हरीश चटर्जी स्ट्रीट स्थित अपने पास के आवास से तुरंत मौके पर पहुंच गईं। करीब दो घंटे से अधिक समय तक चले इस सघन तलाशी अभियान के बाद सुरक्षा बल वहां से रवाना हो गए। बाद में अभिषेक बनर्जी ने पुलिस पर ताला तोड़कर जबरन घुसने और ज्यादती करने का आरोप लगाया।

Also Read: 12वीं में कम नंबर? टेंशन छोड़िए, AI के दौर में ये 5 Course दिला सकते हैं हाई-सैलरी जॉब

Get real time updates directly on you device, subscribe now.