Varanasi News: पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ 25 हजार का इनामी बदमाश इरशाद, पैर में लगी गोली
Sandesh Wahak Digital Desk: वाराणसी के जैतपुरा थाना क्षेत्र स्थित अलईपुरा सिटी स्टेशन के माल गोदाम के पास शुक्रवार देर रात पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई।
इस दौरान भेलूपुर निवासी इनामी बदमाश इरशाद पुलिस की गोली से घायल हो गया। पुलिस ने उसे तत्काल इलाज के लिए कबीर चौरा मंडलीय अस्पताल भेजा, जहां उसका उपचार जारी है।
एनकाउंटर में पैर में लगी गोली, मौके पर ही पकड़ा गया बदमाश
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इरशाद पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह हाल ही में पुलिस हिरासत से फरार हुआ था। उस पर एनडीपीएस और चोरी से जुड़े कुल 6 आपराधिक मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं।
गोपनीय सूचना के आधार पर जैतपुरा थाना प्रभारी ने कार्रवाई की योजना बनाई। जानकारी मिली थी कि इरशाद अलईपुरा सिटी स्टेशन के पास किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने के इरादे से पहुंचा है।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और बदमाश को पकड़ने की कोशिश की। पुलिस को देखकर इरशाद ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। मुठभेड़ में इरशाद के पैर में गोली लगने से वह वहीं गिर पड़ा।
घायल बदमाश को अस्पताल भेजा गया
घटना के बाद घायल अवस्था में पड़े इरशाद को पुलिस ने तत्काल कबीर चौरा अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
मौके पर भारी पुलिस बल मौजूद
घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी क्राइम सरवन टी, जैतपुरा थाना प्रभारी ब्रिजेश मिश्रा, क्राइम हेड कांस्टेबल कुलदीप सिंह, चौकाघाट चौकी प्रभारी शिवम् मिश्रा, उपनिरीक्षक कपिल देव यादव समेत अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
रिपोर्ट- मदन मुरारी पाठक
Also Read: Azamgarh News: लावारिस शव मिलने से मचा हड़कंप, मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

