Varanasi News: पुलिस ने सुलझाई नाबालिग के अपहरण की गुत्थी, आरोपी गिरफ्तार, लड़की सकुशल बरामद

Sandesh Wahak Digital Desk: वाराणसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र से लापता हुई एक नाबालिग लड़की के अपहरण के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और लड़की को भी सुरक्षित बरामद कर लिया गया है।

क्या है मामला?

18 अगस्त, 2025 को बड़ागांव थाना क्षेत्र की रहने वाली एक नाबालिग लड़की स्कूल जाने के बाद वापस घर नहीं लौटी।

परिजनों ने थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि काजू नाम का युवक लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त और गोमती ज़ोन के उपायुक्त के निर्देश पर आरोपी की तलाश शुरू की गई।

हरहुआ चौराहे से हुआ आरोपी गिरफ्तार

पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि आरोपी हरहुआ चौराहे के पास देखा गया है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार सिंह के नेतृत्व में एक टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी काजू को धर दबोचा।

उसके साथ ही अपहृत नाबालिग लड़की को भी सकुशल बरामद कर लिया गया।

इस टीम में उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार, आरक्षी आकाश और अरविंद कुमार भी शामिल रहे, जिनकी सक्रिय भूमिका से यह कार्रवाई सफल हो सकी।

पूछताछ में क्या निकला सामने?

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह लड़की को ट्रेन से अलीगढ़ ले गया था और वहां काम करने की योजना बना रहा था।

लेकिन जब उसे पता चला कि लड़की के परिवार ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है, तो वह डर गया और लड़की को वापस लेकर लौट रहा था। इसी दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की तत्परता से टला बड़ा खतरा

पुलिस की मुस्तैदी और कुशल रणनीति से न सिर्फ एक नाबालिग की जान बचाई जा सकी, बल्कि एक संभावित गंभीर अपराध को भी समय रहते रोका गया। वाराणसी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की जा रही है।

रिपोर्ट- मदन मुरारी पाठक

Also Read: Varanasi News: अस्पताल संचालक से एक करोड़ की रंगदारी की मांग, जान से मारने की धमकी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.