Siddharthnagar News: सड़क हादसे में जान गंवाने वाले शिक्षक परिवार को SBI ने सौंपा 70 लाख का बीमा चेक
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद के रहने वाले दिवंगत परिषदीय शिक्षक कैलाश मणि त्रिपाठी के शोकाकुल परिवार को एक बड़ी आर्थिक राहत मिली है। भारतीय स्टेट बैंक की एसएसएमई नौगढ़ शाखा परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान बैंक प्रबंधन द्वारा दिवंगत शिक्षक के आश्रितों को कुल 70 लाख रुपये की बीमा राशि का चेक सौंपा गया।

तीर्थ यात्रा से लौटते समय कुशीनगर में हुआ था हादसा
सहायक अध्यापक कैलाश मणि त्रिपाठी का विगत एक वर्ष पहले तीर्थ यात्रा से वापस आते समय कुशीनगर जनपद में एक भीषण सड़क दुर्घटना में असामयिक निधन हो गया था। वे अपने पीछे चार बेटियों और एक बेटे सहित पूरे परिवार को छोड़ गए हैं। इस अपार दुख की घड़ी में बैंक द्वारा दी गई यह त्वरित सहायता पीड़ित परिवार के भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण संबल साबित होगी।

दो अलग-अलग दावों के तहत मिली 70 लाख की राशि
दिवंगत शिक्षक त्रिपाठी का सैलरी अकाउंट भारतीय स्टेट बैंक की नौगढ़ शाखा में संचालित था। बैंक की विशेष बीमा योजनाओं के अंतर्गत उनकी पत्नी रनजू त्रिपाठी एवं अन्य परिजनों को यह राशि प्रदान की गई:
सैलरी अकाउंट इंश्योरेंस कवर: 50 लाख रुपये
SBI पर्सनल एक्सीडेंटल इंश्योरेंस: 20 लाख रुपये
कुल प्राप्त धनराशि: 70 लाख रुपये
शाखा के मुख्य प्रबंधक कादिर खान ने बताया कि बीमा राशि के भुगतान का चेक परिवार को कुछ महीने पहले ही दिया जाना तय हुआ था, लेकिन परिजनों की अनुपलब्धता के कारण इसे मंगलवार को वितरित किया गया। मुख्य प्रबंधक कादिर खान और उप प्रबंधक अनिल ने बैंक के अन्य कर्मचारियों की मौजूदगी में परिजनों को चेक सौंपा।
कार्यक्रम के समापन पर बैंक स्टाफ और उपस्थित लोगों ने दिवंगत शिक्षक को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा ईश्वर से शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। परिजनों ने भी बैंक प्रशासन के इस संवेदनशील और सकारात्मक सहयोग के लिए आभार प्रकट किया।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: मणिपुर के सेनापति शहर में उग्र भीड़ का असम राइफल्स कैंप पर हमला, सुरक्षा बलों के वाहन फूंके

