Hapur News: सपा के वॉट्सऐप ग्रुप में अश्लील वीडियो वायरल होने से हड़कंप, महिला कार्यकर्ताओं ने जताई कड़ी नाराज़गी
Hapur News: हापुड़ जिले में समाजवादी पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ताओं के वॉट्सऐप ग्रुप समाजवादी पार्टी परिवार में देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ग्रुप के एक सदस्य के नंबर से पहले एक अश्लील वीडियो और फिर एक महिला की आवाज़ वाली आपत्तिजनक ऑडियो क्लिप वायरल हो गई। इस शर्मनाक हरकत पर महिला कार्यकर्ताओं ने कड़ा विरोध जताया है, और यह मामला सोशल मीडिया पर सपा ब्लू फिल्म कांड के नाम से तेज़ी से ट्रेंड कर रहा है।
इस वॉट्सऐप ग्रुप में सपा के जिला, नगर और ब्लॉक स्तर के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और सक्रिय कार्यकर्ता शामिल हैं। देर रात आपत्तिजनक सामग्री डलते ही कुछ ही मिनटों में ग्रुप में हंगामा मच गया। कई कार्यकर्ताओं ने तुरंत एडमिन को टैग करके इस सदस्य पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
महिला सदस्यों ने इस घटना को संगठन की मर्यादा के साथ घिनौना खिलवाड़ बताया और इसे सपा की छवि खराब करने की सोची-समझी साजिश करार दिया। उनका कहना है कि पार्टी के भीतर इस तरह की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिला संगठन ने एडमिन से मांगा जवाब
घटना की गंभीरता को देखते हुए सपा के जिला संगठन ने फौरन एक्शन लिया है। ग्रुप एडमिन से इस लापरवाही पर जवाब तलब किया गया है। सूत्रों के अनुसार, आपत्तिजनक सामग्री भेजने वाले उस नंबर को फ़िलहाल ग्रुप से हटा दिया गया है।
वीडियो भेजने वाले नंबर की जांच अब साइबर सेल को सौंप दी गई है। वरिष्ठ नेताओं ने इसे पार्टी की अनुशासन नीति पर एक बड़ा धब्बा बताते हुए कहा है कि दोषी पाए जाने वालों पर संगठन सख्त कार्रवाई करेगा।
बता दें कि भले ही यह पार्टी का आधिकारिक ग्रुप न हो, लेकिन इसके एडमिन सपा के एक वरिष्ठ नेता और पूर्व जिलाध्यक्ष बताए जा रहे हैं। संगठन ने उन्हें तीन दिन के भीतर जवाब देने के लिए नोटिस जारी किया है। इस पूरे मामले की रिपोर्ट अब पार्टी के प्रदेश हाईकमान यानी लखनऊ भेज दी गई है।

