सबसे ज्यादा बार जीरो पर आउट होने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी बने विराट कोहली
Sandesh Wahak Digital Desk: टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) के लिए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चल रही वनडे सीरीज अब तक बेहद निराशाजनक रही है। विराट (Virat Kohli) लगातार दोनों मैचों में शून्य (डक) पर आउट होकर एक ऐसा रिकॉर्ड बना बैठे हैं, जिसे वह खुद भी याद नहीं रखना चाहेंगे।
लगातार दो वनडे में जीरो पर आउट
आपको बताते चलें कि 23 अक्टूबर 2025 को एडिलेड में खेले गए दूसरे वनडे मैच में विराट कोहली (Virat Kohli) महज 4 गेंदें खेलकर शून्य पर आउट हो गए। इस मैच में उन्हें ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जेवियर बार्टलेट ने LBW किया। इससे पहले पर्थ में खेले गए पहले वनडे में भी विराट केवल 8 गेंदें खेलकर बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए थे। यह विराट कोहली के 17 साल लंबे वनडे करियर में पहला मौका है जब वे लगातार दो मैचों में जीरो पर आउट हुए हैं।

शर्मनाक रिकॉर्ड की बराबरी
वहीं विराट कोहली के इस प्रदर्शन ने उनके शानदार करियर पर एक अनचाहा धब्बा लगा दिया है। दरअसल, इस सीरीज के बाद विराट इंटरनेशनल क्रिकेट में कुल 40 बार डक (शून्य) पर आउट हो चुके हैं। इसके साथ ही वह भारत के लिए सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने वाले खिलाड़ियों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। इस सूची में विराट ने अब तेज गेंदबाज इशांत शर्मा की बराबरी कर ली है, जो 40 बार डक पर आउट हुए थे। जबकि पहले नंबर पर जहीर खान का नाम आता है, जो 43 बार शून्य पर आउट हुए थे।
एडिलेड में भी नहीं चला विराट का बल्ला
दरअसल एडिलेड का मैदान विराट के लिए हमेशा भाग्यशाली माना गया है, लेकिन इस बार किस्मत ने उनका साथ नहीं दिया। भारतीय प्रशंसकों को उम्मीद थी कि वह इस मैदान पर एक बार फिर शानदार वापसी करेंगे, मगर ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजी के आगे उनका बल्ला पूरी तरह खामोश रहा। विराट का यह सिलसिला टीम इंडिया के लिए चिंता का विषय बन गया है, क्योंकि वह लंबे समय से भारतीय बल्लेबाजी का सबसे भरोसेमंद स्तंभ रहे हैं। अब देखना यह होगा कि तीसरे वनडे में वह इस खराब फॉर्म से कैसे उबरते हैं।
Also Read: Sambhal News: सरफराज खान को टीम से बाहर करने पर नहीं थम रहा विवाद, सांसद बर्क ने भी साधा निशाना

