रिटायरमेंट के बाद भी टॉप पर विराट-रोहित, BCCI से अब भी मिल रही सबसे ज्यादा सैलरी
Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली और रोहित शर्मा भले ही टी20 और टेस्ट फॉर्मेट से संन्यास ले चुके हैं। लेकिन बीसीसीआई (BCCI) की ओर से मिलने वाली सैलरी के मामले में वे अब भी सबसे आगे हैं।

दोनों खिलाड़ी फिलहाल केवल वनडे क्रिकेट में खेल रहे हैं और उम्मीद की जा रही है कि वे 2027 वनडे वर्ल्ड कप तक खेलना जारी रख सकते हैं।
सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में ग्रेड A+ में कायम

बीसीसीआई ने अप्रैल 2025 में 2025-26 सत्र के लिए सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट सूची जारी की थी। इस सूची में विराट कोहली और रोहित शर्मा को फिर से ग्रेड A+ में शामिल किया गया है। इस ग्रेड में आने वाले खिलाड़ियों को सालाना 7 करोड़ रुपये की सैलरी दी जाती है।
गौर करने वाली बात यह है कि ग्रेड A+ आमतौर पर उन्हीं खिलाड़ियों को दिया जाता है जो तीनों फॉर्मेट (टेस्ट, वनडे, टी20) में सक्रिय रहते हैं, लेकिन टी20 और टेस्ट से रिटायर होने के बावजूद विराट और रोहित को इस टॉप ग्रेड में बरकरार रखा गया है।
कप्तान शुभमन गिल अब भी पीछे

हाल ही में टेस्ट टीम की कप्तानी संभालने वाले युवा बल्लेबाज शुभमन गिल को ग्रेड A में रखा गया है। इस ग्रेड के तहत खिलाड़ियों को 5 करोड़ रुपये सालाना मिलते हैं।
शुभमन के अलावा इस श्रेणी में मोहम्मद सिराज, केएल राहुल, हार्दिक पांड्या, ऋषभ पंत, और मोहम्मद शमी शामिल हैं।
ग्रेड B और C में शामिल खिलाड़ी

ग्रेड B में शामिल खिलाड़ियों को सालाना 3 करोड़ रुपये की सैलरी दी जाती है। इस ग्रुप में सूर्यकुमार यादव, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, यशस्वी जायसवाल जैसे नाम शामिल हैं।
ग्रेड C में आने वाले खिलाड़ियों को बीसीसीआई सालाना 1 करोड़ रुपये देता है। इसमें रिंकू सिंह, शिवम दुबे, और कुछ अन्य उभरते खिलाड़ी शामिल हैं।

