मेरठ में 50 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, दौराला में पुलिस मुठभेड़ के बाद मुजम्मिल के पैर में लगी गोली
Meerut News: उत्तर प्रदेश पुलिस को शुक्रवार देर रात मेरठ के दौराला थाना क्षेत्र में एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस और स्वॉट टीम की संयुक्त कार्रवाई में 50 हजार रुपए के इनामी बदमाश मुजम्मिल को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। यह एनकाउंटर काली नदी पुल के पास तब हुआ, जब पुलिस टीम इलाके में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
चेकिंग के दौरान बदमाश ने की फायरिंग
एसपी देहात आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के बाद टीम चेकिंग कर रही थी। तभी एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार युवक को रुकने का इशारा किया गया। युवक ने रुकने की बजाय पुलिस पर फायरिंग कर दी और भागने की कोशिश की।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली बदमाश के बाएँ पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। घायल बदमाश की पहचान लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के अहमद नगर निवासी मुजम्मिल के रूप में हुई है। उसे तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मुजम्मिल थाना भावनपुर क्षेत्र में दर्ज डकैती के एक मामले में वांछित था और उस पर पुलिस ने 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया हुआ था। वह पहले भी आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार हो चुका है।
पुलिस ने उसके कब्जे से एक पिस्टल, एक कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है, जिसका चेसिस नंबर घिसा हुआ पाया गया है।
एसपी ने बताया कि यह अपराधी क्षेत्र में सक्रिय एक गिरोह से जुड़ा हुआ है और उस पर हत्या, लूट सहित कई थानों में गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस अब मुजम्मिल से पूछताछ के आधार पर उसके गैंग के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी करेगी।
Also Read: लखनऊ के हॉस्टल में मिला बीटेक छात्र का शव, दरवाजा तोड़कर कमरे में घुसी पुलिस

