20 साल बाद भी खास है ‘वक्त: द रेस अगेंस्ट टाइम’, अमिताभ-अक्षय ने छोड़ी थी फीस, विपुल शाह हुए थे इमोशनल

Sandesh Wahak Digital Desk: साल 2005 में रिलीज हुई फिल्म ‘वक्त: द रेस अगेंस्ट टाइम’ आज अपनी रिलीज के 20 साल पूरे कर चुकी है। इस खास मौके पर फिल्म के निर्देशक विपुल अमृतलाल शाह ने एक भावुक किस्सा साझा किया, जिसने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि जब सिनेमा दिल से बनाया जाता है, तो वह दर्शकों के दिलों में हमेशा जिंदा रहता है।

विपुल शाह ने बताया फिल्म की कहानी

विपुल शाह ने बताया कि इस फिल्म की कहानी एक नाटक पर आधारित थी, जिसे आतिश कपाड़िया ने लिखा और निर्देशित किया था। जब विपुल इस नाटक की स्क्रिप्ट लेकर अमिताभ बच्चन और अक्षय कुमार के पास पहुंचे, तो दोनों को कहानी इतनी पसंद आई कि वहीं तय हो गया – इस पर फिल्म बनेगी।

फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हुई थी बड़ी हिट

‘वक्त’ से पहले यह तिकड़ी फिल्म ‘आंखें’ में साथ काम कर चुकी थी, जो बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट साबित हुई थी। इस सफलता ने अमिताभ और अक्षय के दिल में विपुल शाह के लिए खास जगह बना दी थी। जब विपुल शाह ने ‘वक्त’ के जरिए बतौर प्रोड्यूसर कदम रखने का निर्णय लिया, तो इन दोनों सुपरस्टार्स ने ऐसा कदम उठाया, जो इंडस्ट्री में बहुत कम देखने को मिलता है।

विपुल शाह ने बताया, “जब मैंने अमिताभ जी और अक्षय को बताया कि मैं इस फिल्म को प्रोड्यूस करने जा रहा हूं, तो उन्होंने तुरंत कहा कि वे अपनी फीस माफ कर देंगे।” यह बात सुनकर विपुल और उनके पार्टनर मनमोहन शेट्टी भावुक हो गए, लेकिन उन्होंने दोनों कलाकारों को उनका पूरा मेहनताना दिया।

फिल्म बनी एक मिसाल

‘वक्त: द रेस अगेंस्ट टाइम’ केवल एक फिल्म नहीं थी, बल्कि पिता-पुत्र के रिश्ते को एक नए नजरिए से दिखाने वाली इमोशनल और कॉमिक ड्रामा थी, जिसने दर्शकों को हंसाया भी और रुलाया भी। बता दे, 20 साल बाद भी यह फिल्म एक मिसाल बनी हुई है – स्टारडम से ऊपर उठकर रिश्तों की कीमत समझाने वाली एक यादगार कहानी।

Also Read: साउथ एक्ट्रेस ज्योतिका का ट्रांसफॉर्मेशन बना मिसाल, 3 महीने में घटाया 9 किलो वजन!

Get real time updates directly on you device, subscribe now.