पीएम मोदी ने सपा को घेरा तो अखिलेश ने किया पलटवार, बोले- 7 में से 6 एयरपोर्ट बंद

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के जेवर में ‘नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट’ के भव्य उद्घाटन के साथ ही सूबे की सियासत में ‘क्रेडिट वार’ और आरोपों की बौछार तेज हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जेवर प्रोजेक्ट में देरी के लिए समाजवादी पार्टी को जिम्मेदार ठहराए जाने के बाद, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया के जरिए भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार और कुप्रबंधन का बड़ा हमला बोला है।

भ्रष्ट प्रबंध, 7 में से 6 एयरपोर्ट बंद

अखिलेश यादव ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक रिपोर्ट साझा करते हुए भाजपा सरकार की ‘उड़ान’ योजना और नए एयरपोर्ट्स की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। अखिलेश ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में हाल ही में बने 7 नए एयरपोर्ट्स में से 6 बंद पड़े हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यूपी के बाकी हवाई अड्डों का क्या हाल है, ‘घास हटवाकर’ ये भी तो देख लिया जाए।

सपा प्रमुख ने सीधा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा में अरबों का निर्माण सिर्फ अपनों को ठेके बांटकर कमाई करने के लिए होता है। उन्हें न तो एयरपोर्ट चलाना है और न ही जहाज उड़ाना।

सपा ने फाइलों में दबाया प्रोजेक्ट

इससे पहले, उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने अखिलेश यादव की पिछली सरकार पर निशाना साधा था। पीएम ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट का सपना सालों तक फाइलों में दबा रहा। मोदी ने दावा किया कि 2014 में केंद्र में भाजपा सरकार बनने के बाद भी उत्तर प्रदेश की तत्कालीन सपा सरकार ने दो-तीन सालों तक इस पर काम नहीं होने दिया। यूपी में भाजपा सरकार आने के बाद ही इसकी नींव पड़ी और आज उद्घाटन संभव हुआ।

कल दादरी में अखिलेश की ‘जवाबी’ रैली

जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन के ठीक अगले दिन यानी 29 मार्च को अखिलेश यादव नोएडा के दादरी में एक विशाल जनसभा करने जा रहे हैं। माना जा रहा है कि इस रैली में अखिलेश यादव पीएम मोदी और सीएम योगी द्वारा लगाए गए आरोपों का बिंदुवार जवाब देंगे। इस रैली को 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए पश्चिमी यूपी में सपा के शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।

Also Read: Lucknow News: अलीगंज CHC में घंटों तड़पती रही गर्भवती, सोता रहा स्टाफ, अवैध वसूली का भी आरोप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.