कौन है यूपी कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा के पति अंबिका मिश्र, जानें राजनीति से क्यों रहते हैं दूर

Lucknow News: कांग्रेस पार्टी ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक अहम फैसला लेते हुए आराधना मिश्रा ‘मोना’ को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। वह रामपुर खास विधानसभा सीट से लगातार तीन बार विधायक चुनी गई हैं। उनका जन्म एक प्रभावशाली राजनीतिक परिवार में हुआ है। उनके पिता प्रमोद तिवारी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं और वर्तमान में राज्यसभा सांसद के रूप में सेवा दे रहे हैं।

राजनीति में दो दशक का अनुभव

आराधना मिश्रा के पास राजनीति का लगभग दो दशकों का अनुभव है। उनके पिता प्रमोद तिवारी नौ बार विधायक रह चुके हैं। प्रतापगढ़ जिले की रामपुर खास सीट पर तिवारी परिवार का पांच दशकों से दबदबा रहा है। प्रमोद तिवारी ने पहली बार 1980 में इस सीट से विधायक के रूप में जीत दर्ज की थी। आराधना मिश्रा ने अपने पहले ही चुनाव में 67,679 वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी। इसके बाद 2017 में उन्होंने 17,066 वोटों से जीत दर्ज की, जबकि 2022 में बीजेपी के नागेश प्रताप सिंह को 14,741 वोटों के अंतर से हराया।

पति अंबिका मिश्र हैं सफल कारोबारी

इस राजनीतिक परिवार का एक अहम नाम अंबिका मिश्र हैं, जो आराधना मिश्रा के पति हैं। वह लखनऊ के प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग कॉलेज, अंबालिका इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी के चेयरमैन हैं। उनके पास कारोबार की दुनिया में 27 साल का अनुभव है। उन्होंने कंस्ट्रक्शन, इंफ्रास्ट्रक्चर लीजिंग और एजुकेशन जैसे विविध क्षेत्रों में काम करने वाले एक सफल बिजनेस ग्रुप के सीईओ के तौर पर सेवाएं दी हैं।

कॉलेज की वेबसाइट के अनुसार, अंबिका मिश्र संस्थान के आंतरिक और बाहरी साझेदारों के बीच संवाद का मुख्य केंद्र हैं। वह सभी प्रमुख हितधारकों के बीच बेहतर संवाद सुनिश्चित करते हैं। इसके अलावा वह वरिष्ठ स्तर पर ग्राहकों के साथ महत्वपूर्ण संबंधों को संभालते हैं और उनका नेतृत्व करते हैं। उनकी जिम्मेदारियों में मैनेजमेंट की देखरेख, व्यवसाय के लिए रणनीतिक योजना तैयार करना तथा तकनीकी और व्यावहारिक शिक्षण के लिए विकास योजना बनाना शामिल है। आराधना मिश्रा और अंबिका मिश्रा के दो संतान हैं राघव और नंदजा। कई बार दोनों बच्चे राजनीतिक रैलियों के दौरान भी नजर आते हैं।

Also Read: महिला नेता ने भाजपा जिलाध्यक्ष पर लगाया यौन उत्पीड़न का आरोप, कहा- धमकी देकर किया शोषण

Get real time updates directly on you device, subscribe now.