कानपुर में लापता LLB छात्रा का मिला शव, परिजनों ने दोस्त पर लगाया हत्या का आरोप, FIR दर्ज

Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर में गोविंदनगर के दबौली वेस्ट से लापता 23 वर्षीय एलएलबी छात्रा रुचि पाल उर्फ स्वाति का शव शुक्रवार को रेलवे ट्रैक किनारे मिला। शव कानपुर-झांसी रेलवे लाइन से करीब 15 फीट नीचे घनी झाड़ियों में पड़ा था और सड़ चुका था। परिजनों ने छात्रा के दोस्त ओमवीर यादव और उसके साथी पर हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया।

पुलिस ने ओमवीर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत हत्या है या हादसा, यह जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा।

28 सितंबर को घर से निकली थी रुचि

दबौली वेस्ट निवासी विमल कुमार पाल चाय की दुकान चलाते हैं। परिवार में उनकी पत्नी बुद्धि देवी, बेटा विनय और बेटी रुचि थी। रुचि एलएलबी द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। परिजनों के मुताबिक, वह 28 सितंबर की शाम घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी।

पुलिस ने उसके दोस्त ओमवीर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। परिजनों का आरोप है कि पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे चौकी से छोड़ दिया। शुक्रवार को रुचि के चाचा शैलेष रेलवे ट्रैक के पास उसकी तलाश कर रहे थे। वहां उन्हें छात्रा की चप्पल मिली। इसके बाद पुलिस ने आसपास खोजबीन की तो करीब 15 फीट नीचे झाड़ियों में शव बरामद हुआ।

परिजनों ने आरोप लगाया कि छात्रा के लापता होने के बाद पुलिस ने गंभीरता से तलाश नहीं की। शव मिलने के बाद उन्होंने हंगामा किया। सूचना पर एसीपी बाबूपुरवा वीरेंद्र विक्रम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि परिजनों के आरोपों की जांच एसीपी बाबूपुरवा को सौंपी गई है।

दोस्त ने भेजा था मैसेज, ट्रेन चालक से भी पूछताछ

पुलिस के मुताबिक, जांच में घटना का समय शाम करीब 6:31 बजे सामने आया है। उस वक्त रुचि अपने दोस्त ओमवीर से फोन पर बात कर रही थी। ओमवीर का कहना है कि वह उस समय लखनऊ में था। गोविंदनगर थाना प्रभारी अशोक दुबे के अनुसार, ओमवीर ने बताया कि बातचीत के दौरान उसे ट्रेन की आवाज सुनाई दे रही थी। अचानक रुचि ने बात करना बंद कर दिया तो उसने मैसेज भेजकर पूछा कि वह बात क्यों नहीं कर रही है। यह मैसेज रुचि के मोबाइल में मिला है।

पुलिस ने उस समय वहां से गुजरी ट्रेन के चालक से भी पूछताछ की। चालक ने बताया कि अगर युवती ट्रेन के सामने कूदी होती तो उसे दिखाई देती और वह ट्रेन रोककर मेमो जारी करता। हालांकि, उसने यह संभावना जताई कि इंजन गुजरने के बाद युवती किसी डिब्बे से टकराई हो तो यह दिखाई नहीं दिया होगा।

रेलवे ट्रैक के पास कैसे पहुंची चप्पल, जांच जारी

थाना प्रभारी के मुताबिक, रुचि की चप्पल पटरी के बाहर वाले हिस्से में फंसी मिली। वहां रास्ता बेहद संकरा है और ट्रेन आने पर राहगीर को सुरक्षित जगह रुकना पड़ता है। पुलिस यह पता लगा रही है कि चप्पल ट्रैक तक कैसे पहुंची और छात्रा की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

डीसीपी दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर ओमवीर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। शव का पैनल से पोस्टमार्टम कराया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस के मुताबिक, हत्या या हादसे के बारे में अंतिम निष्कर्ष जांच के बाद ही निकलेगा।

Also Read: महिला नेता ने भाजपा जिलाध्यक्ष पर लगाया यौन उत्पीड़न का आरोप, कहा- धमकी देकर किया शोषण 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.