Siddharthnagar News: मिशन शक्ति की पहल पर गिले-शिकवे भुलाकर साथ रहने को राजी हुए सात परिवार

Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद में महिला थाना पुलिस ने मिशन शक्ति फेज-5.0 के दूसरे चरण के तहत सात बिखरते परिवारों को बिखरने से बचा लिया गया है। महिला थाने में आयोजित परिवार परामर्श केंद्र (काउंसलिंग सेंटर) के माध्यम से उन सात दंपतियों के बीच के आपसी विवाद और गहरे मनमुटाव को दूर कराया गया, जो तलाक की कगार पर पहुंच चुके थे। पुलिस की सूझबूझ और काउंसलिंग के बाद इन सभी परिवारों ने अपने मतभेद भुलाकर एक बार फिर मुस्कुराते हुए एक साथ रहने का फैसला किया।

यह पूरी सफलता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के नेतृत्व, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के कुशल निर्देशन और क्षेत्राधिकारी विश्वजीत सौरयान के कड़े पर्यवेक्षण में मिली। महिला थाना प्रभारी निरीक्षक भाग्यवती पाण्डेय और उनकी विशेषज्ञ काउंसलिंग टीम ने दोनों पक्षों की दलीलों और शिकायतों को बेहद संजीदगी से सुना। टीम ने पति-पत्नी को आपसी तालमेल का महत्व समझाया और उनके पवित्र रिश्ते को टूटने से बचाने में बेहद अहम भूमिका निभाई।

परिजनों के चेहरे पर लौटी मुस्कान

परामर्श केंद्र में लंबी बातचीत और समझाने-बुझाने के दौर के बाद, सातों जोड़ों ने अपनी पुरानी गलतियों को पीछे छोड़ते हुए आपसी सहमति से गृहस्थी को दोबारा बसाने का संकल्प लिया। इसके बाद पुलिस टीम ने उन्हें ससम्मान विदा किया।

इस पूरी काउंसलिंग प्रक्रिया को सफल बनाने और जोड़ों को एक मंच पर लाने में महिला हेड कांस्टेबल आशा गौड़, रीना रावत, प्रियंबदा सिंह, संगीता गौतम, शिखा खरवार और शिवानी सिंह ने अपना विशेष और सराहनीय योगदान दिया। महिला थाना पुलिस के इस मानवीय और संवेदनशील प्रयास की स्थानीय जनता और सामाजिक संगठनों द्वारा खूब तारीफ की जा रही है।

रिपोर्ट- जाकिर खान

Also Read: Siddharthnagar News: बकरीद को लेकर डीएम और एसपी ने पुलिस बल के साथ सड़कों पर किया पैदल मार्च

Get real time updates directly on you device, subscribe now.