Siddharthnagar News: मुहचोरवा घाट हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा, पत्नी ने प्रेमी संग रची पति की हत्या की साजिश
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के जनपद सिद्धार्थनगर के ढेबरुआ थाना क्षेत्र के मुहचोरवा घाट पर हुई हरिश्चन्द्र की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। थाना ढेबरुआ पुलिस, जनपदीय SOG और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में हत्या की साजिश में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, अवैध संबंध, घरेलू विवाद और 1.10 लाख की सुपारी के चलते हत्या की साजिश रची गई थी। आरोप है कि मृतक की पत्नी माया देवी ने अपने प्रेमी नियाज अहमद के साथ मिलकर पति हरिश्चन्द्र को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

बताया गया कि 30 अगस्त की रात हरिश्चन्द्र की मुहचोरवा घाट, बूढ़ी राप्ती नदी के पास चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को नदी में फेंक दिया गया और ई-रिक्शा को इस तरह नदी की ओर लटकाया गया, जिससे घटना सड़क हादसा प्रतीत हो और पुलिस व परिजनों को गुमराह किया जा सके।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इरशाद, अब्दुल्ला, नियाज अहमद और माया देवी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू, छह मोबाइल फोन, दो आधार कार्ड, पैन कार्ड, 600 नकद और एयर इंडिया का टिकट बरामद किया गया है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मृतक शराब का सेवन करता था और पत्नी के साथ मारपीट करता था। पुलिस के अनुसार, इसी घरेलू विवाद से परेशान माया देवी अपने पति की हत्या कराने के लिए प्रेमी नियाज अहमद पर दबाव बना रही थी। इसके बाद हत्या की योजना तैयार हुई और आरोपियों को 1.10 लाख देने की बात सामने आई। मामले में पुलिस ने मुकदमे में धारा 61(2), 3(5), 238 BNS की बढ़ोतरी करते हुए चारों आरोपियों को न्यायालय भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: ‘धुरंधर’ के बाद फिर रग्ड अवतार में रणवीर सिंह, ‘प्रलय’ में दिखेगा तबाही वाला अंदाज

