‘प्रयागराज का नाम बदलकर जलराजनगर करेंगे’, जलभराव को लेकर अखिलेश ने योगी सरकार को घेरा
Prayagraj News: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने प्रयागराज में बारिश के बाद बने जलभराव को लेकर योगी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट कर शहर के हालात पर सवाल उठाए और सरकार पर तंज कसा।
अखिलेश ने महाकुंभ के दौरान प्रयागराज में हुए कथित ‘स्मार्ट डेवलपमेंट’ पर खर्च को लेकर भी सवाल उठाया। उन्होंने लिखा कि महाकुंभ के नाम पर 1 लाख करोड़ रुपये खर्च किए गए, लेकिन आज शहर में जलभराव की स्थिति उस कथित विकास पर सवाल खड़े कर रही है। उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि क्या अब इलाहाबाद का नाम फिर बदलकर ‘जलराजनगर’ किया जाएगा।
Akhilesh Yadav ने आगे भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी ने नहीं सोचा था कि उसके कथित ‘महापाप’ की पोल कभी धार्मिक तो कभी प्राकृतिक रूप से खुलेगी।
बारिश के बाद शहर में जलभराव, HC ने लिया संज्ञान
Prayagraj में लगातार बारिश के बाद कई इलाकों में गंभीर जलभराव हो गया। शहर के प्रमुख मार्गों और निचले इलाकों में पानी भरने से आम लोगों को परेशानी हुई। हालात का असर इलाहाबाद हाईकोर्ट तक पहुंचा, जहां न्यायाधीशों को भी अदालत पहुंचने में दिक्कत हुई और कार्यवाही निर्धारित समय से देरी से शुरू हुई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए Allahabad High Court ने स्वतः संज्ञान (Suo Motu) लेकर जनहित याचिका कायम की। यह मामला न्यायमूर्ति अजीत कुमार और गरिमा प्रसाद की खंडपीठ के सामने आया।
डीएम और नगर आयुक्त को किया तलब
हाईकोर्ट ने प्रयागराज के जिलाधिकारी (DM) और नगर आयुक्त को व्यक्तिगत रूप से अदालत में उपस्थित होकर जवाब देने का निर्देश दिया है। दोनों अधिकारियों को बताना होगा कि शहर के निचले इलाकों में जलभराव रोकने के लिए पहले से पर्याप्त और प्रभावी इंतजाम क्यों नहीं किए गए।
इसके अलावा, उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास एवं नियोजन विभाग के सचिव को भी परसों तक व्यक्तिगत हलफनामा दाखिल करने का आदेश दिया गया है। इसमें शहर में जलभराव से निपटने के लिए अब तक स्वीकृत योजनाओं, उनकी मौजूदा स्थिति और भविष्य में ऐसी समस्या रोकने की कार्ययोजना की जानकारी देनी होगी।
हाईकोर्ट (Allahabad High Court) के सख्त रुख के बाद अब Prayagraj में जलभराव से निपटने की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन और नगर निगम की जवाबदेही तय होने की संभावना बढ़ गई है।
Also Read: ‘सपा सरकार बनी तो 16 अगस्त को होगी सरकारी छुट्टी’, अखिलेश यादव का नया चुनावी ऐलान

