त्योहारों पर फ्लाइट टिकट 2-3 गुना महंगा करना पड़ेगा भारी! SC की सख्ती के बाद आएगा नया नियम

Flight Ticket Price Cap Rules: दिवाली, छठ और छुट्टियों के दौरान फ्लाइट टिकट के अचानक महंगे होने की शिकायतों पर सुप्रीम कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। कोर्ट ने केंद्र से हवाई किराये और यात्रियों से लिए जाने वाले अतिरिक्त शुल्क को लेकर स्पष्ट नियम बनाने को कहा है।

सुनवाई के दौरान अदालत ने यहां तक कहा कि अगर एयरलाइंस तय नियमों का पालन नहीं करती हैं तो उनके खिलाफ उड़ानें रोकने जैसी सख्त कार्रवाई पर विचार किया जाना चाहिए। मामला सामाजिक कार्यकर्ता एस. लक्ष्मीनारायणन की याचिका से जुड़ा है, जिसमें एयरलाइंस की मनमानी और किराये में अचानक होने वाली बढ़ोतरी पर सवाल उठाए गए हैं।

त्योहार आते ही क्यों बढ़ जाता है किराया?

याचिका में आरोप लगाया गया है कि सामान्य दिनों में किसी रूट का टिकट करीब 6 हजार रुपये हो सकता है, लेकिन त्योहारों और छुट्टियों में मांग बढ़ते ही उसी यात्रा का किराया कई गुना बढ़ जाता है। याचिकाकर्ता ने एयरफेयर (Airfare) और अतिरिक्त शुल्क के लिए स्पष्ट नियामक व्यवस्था बनाने की मांग की है। सुप्रीम कोर्ट पहले भी त्योहारों और पीक ट्रैवल सीजन में किराये में होने वाले अनिश्चित उछाल को गंभीर चिंता बता चुका है।

तीन हफ्ते में तैयार होंगे नए नियम

सुनवाई के दौरान केंद्र की ओर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल अनिल कौशिक ने बताया कि एयरफेयर, अतिरिक्त शुल्क, बैगेज और रिफंड समेत यात्रियों से जुड़े मुद्दों के लिए नए नियम (Flight Ticket Price Cap Rules) तैयार किए जा रहे हैं। सरकार ने ड्राफ्ट नियम अदालत के सामने सीलबंद कवर में भी रखे हैं और इन्हें अंतिम रूप देने के लिए तीन सप्ताह का समय मांगा है।

सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र को समय देते हुए मामले की अगली सुनवाई 7 सितंबर 2026 को तय की है। उस समय सरकार अंतिम नियम अदालत के सामने रख सकती है।

यात्रियों को क्या राहत मिल सकती है?

नए नियम लागू होने के बाद एयरलाइंस के किराया तय करने और अतिरिक्त शुल्क वसूलने की प्रक्रिया पर ज्यादा निगरानी की उम्मीद है। हालांकि, अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि टिकट की कीमतों पर कोई निश्चित अधिकतम सीमा तय होगी। सरकार की प्रस्तावित व्यवस्था का अंतिम स्वरूप 7 सितंबर की सुनवाई के बाद ज्यादा स्पष्ट होगा।

त्योहारों के दौरान घर जाने वाले यात्रियों के लिए फिलहाल सबसे बड़ी उम्मीद यही है कि नए नियम (Flight Ticket Price Cap Rules) किराये में अचानक और अनुचित बढ़ोतरी पर लगाम लगाने में मदद करें।

Also Read: आपके X पोस्ट को क्यों और किसके कहने पर हटाया गया, अब यूजर्स को मिलेगी पूरी जानकारी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.