क्या देश में फिर से लगेगा लॉकडाउन? हरदीप पुरी ने तोड़ी चुप्पी
Sandesh Wahak Digital Desk: वैश्विक अनिश्चितताओं और बढ़ती ऊर्जा कीमतों के बीच देश में लॉकडाउन (Lockdown) की अफवाहों को लेकर केंद्र सरकार ने स्थिति साफ कर दी है। केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर कहा कि सरकार ऊर्जा, सप्लाई चेन और जरूरी वस्तुओं की उपलब्धता पर लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मौजूदा हालात पर बारीकी से निगरानी की जा रही है और किसी भी तरह की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी है।
Lockdown की अफवाहें पूरी तरह गलत
हरदीप पुरी ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि देश में ईंधन, ऊर्जा और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बिना किसी रुकावट के जारी रहे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हर संभावित चुनौती से निपटने के लिए सरकार पूरी तरह तैयार है और आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
लॉकडाउन को लेकर फैल रही खबरों पर केंद्रीय मंत्री ने साफ कहा कि ऐसी सभी बातें पूरी तरह अफवाह हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार के स्तर पर लॉकडाउन लगाने का कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे शांत और जिम्मेदार बने रहें तथा किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि इस तरह की गलत जानकारी फैलाना और डर का माहौल बनाना गैर-जिम्मेदाराना और हानिकारक है।
कच्चे तेल की कीमतों में उछाल
हरदीप पुरी ने बताया कि पिछले एक महीने में अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई है। कीमतें लगभग 70 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर करीब 122 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई हैं। इसका असर दुनिया भर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों पर पड़ा है। उन्होंने कहा कि दक्षिण-पूर्व एशिया में कीमतें लगभग 30 से 50 प्रतिशत तक बढ़ी हैं, जबकि उत्तरी अमेरिका में 30 प्रतिशत, यूरोप में 20 प्रतिशत और अफ्रीका में 50 प्रतिशत तक वृद्धि दर्ज की गई है।
वहीं केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार के सामने दो विकल्प थे। पहला यह कि अंतरराष्ट्रीय कीमतों के अनुरूप देश में ईंधन की कीमतों में भारी बढ़ोतरी कर दी जाए, जैसा अन्य देशों में हुआ। दूसरा विकल्प यह था कि सरकार खुद वित्तीय बोझ उठाए, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार ने आम आदमी को वैश्विक बाजार की अस्थिरता से बचाने का फैसला किया है।
किरण रिजिजू ने भी की अपील की
इस बीच केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने भी स्थिति को लेकर लोगों से संयम बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्पष्ट कर दिया है कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है। सरकार ने हालात को पूरी तरह नियंत्रण में रखा है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि आम लोगों को किसी भी तरह की असुविधा न हो। उन्होंने यह भी कहा कि शीर्ष स्तर से लेकर निचले स्तर तक स्थिति की निगरानी की जा रही है और प्रधानमंत्री स्वयं इस पर नजर बनाए हुए हैं।

