प्रयागराज में अतीक की जमीन पर बनेंगे 602 फ्लैट, कसारी-मसारी का नाम होगा कृष्णपुरी

UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद से मुक्त कराई गई जमीन पर गरीबों के लिए आवासीय योजना की शुरुआत की। कसारी-मसारी में 9,811 वर्ग मीटर जमीन पर 191 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 602 फ्लैट बनाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से भूमि पूजन किया।

इस मौके पर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब यह इलाका माफियागिरी नहीं, बल्कि विकास के लिए जाना जाएगा। उन्होंने कहा, “माफिया की जगह मिट्टी में है।” मुख्यमंत्री ने यह भी ऐलान किया कि कसारी-मसारी को अब कृष्णपुरी के नाम से जाना जाएगा और यहां पद्म लोक आवासीय योजना बसाई जाएगी। उन्होंने बताया कि नवरात्रि में पद्म लोक आवासीय योजना को लाने जा रहे हैं।

अतीक से मुक्त जमीन पर गरीबों के लिए 602 फ्लैट 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कसारी-मसारी में आवासीय परियोजना का भूमि पूजन करने के साथ प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत पीपलगांव में बने 556 आवासों की चाबियां भी लाभार्थियों को सौंपीं।

योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रयागराज विरासत और विकास की नई पहचान बना रहा है। कसारी-मसारी को कभी अतीक अहमद का गढ़ माना जाता था। अब सरकार इस क्षेत्र को विकास और आवासीय सुविधाओं के नए केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने महाराजा बिजली पासी के नाम पर ITI बनाने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि यहां एक औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) बनाया जाएगा। इससे क्षेत्र में कौशल प्रशिक्षण से जुड़ी सुविधाओं को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

सपा पर योगी का हमला, बोले- नौकरी निकलते ही वसूली में जुट जाते थे चाचा-भतीजे

प्रयागराज में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकारी भर्तियों में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार ने अपने ‘सैफई सिंडिकेट’ से जुड़े ऐसे व्यक्ति को आयोग का अध्यक्ष बनाया, जो उस पद के योग्य नहीं था। योगी के मुताबिक, इससे युवाओं के साथ अन्याय हुआ।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान नौकरी का विज्ञापन निकलते ही चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए सक्रिय हो जाती थी। परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं को नौकरी पाने के लिए पैसे जुटाने की चिंता सताती थी। उन्होंने दावा किया कि कुछ ऐसे लोगों को भी नियुक्ति पत्र मिल जाते थे, जिन्होंने परीक्षा तक नहीं दी थी, जबकि मेहनत करने वाले युवाओं को निराशा हाथ लगती थी।

योगी ने कहा कि युवाओं के अधिकारों के साथ खिलवाड़ करने वालों को अब उनसे समर्थन मांगने का नैतिक अधिकार नहीं है।

छह महीने में एक लाख से ज्यादा सरकारी नौकरियां देने का दावा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को प्रयागराज के गवर्नमेंट प्रेस मैदान में इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अशोक राठौर के समर्थन में आयोजित स्नातक मतदाता सम्मेलन को भी संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने रोजगार को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के सवालों का जवाब दिया।

योगी ने कहा, “अखिलेश गिनते रहें, छह महीने में एक लाख से ज्यादा नौकरियां देंगे।” उन्होंने दावा किया कि अगले छह महीने में एक लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने स्नातक मतदाताओं से 23 अक्टूबर को भाजपा प्रत्याशी अशोक राठौर को विजयी बनाने की अपील भी की।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, पुलिस भर्ती के तहत 32 हजार युवाओं को नौकरी दी जा रही है। चार हजार उपनिरीक्षकों की भर्ती पूरी हो चुकी है और उनके नियुक्ति पत्र जल्द बांटे जाएंगे। इसके अलावा 42 हजार होमगार्ड की भर्ती भी पूरी होने की बात उन्होंने कही।

योगी ने बताया कि लोक सेवा आयोग, अधीनस्थ सेवा चयन आयोग और शिक्षा सेवा चयन आयोग के जरिए होने वाली आगामी भर्तियों से 30 से 35 हजार युवाओं को नौकरी मिलेगी। उन्होंने दावा किया कि अब तक साढ़े छह लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी भर्तियां आरक्षण के नियमों का पालन करते हुए मेरिट के आधार पर की जा रही हैं। प्रयागराज में आवासीय परियोजना, बिजली पासी के नाम पर ITI और सरकारी नौकरियों को लेकर की गई घोषणाओं के साथ उन्होंने विकास और रोजगार को अपनी सरकार की प्राथमिकता बताया।

Also Read: लखनऊ में पुलिसकर्मियों के पैरों में लेटे डॉक्टर, ACP ने हाथ जोड़कर की धरना खत्म करने की अपील 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.