लखनऊ में बनेगा 1010 बेड का अत्याधुनिक इमरजेंसी सेंटर, योगी कैबिनेट ने दी मंजूरी
Yogi Cabinet Meeting : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के नवीन परिसर में 1010 बेड वाले मल्टी स्पेशलिटी इमरजेंसी सेंटर के निर्माण को मंजूरी दे दी गई है। यह नया परिसर शहीद पथ स्थित गोमती नगर विस्तार सेक्टर-7 में विकसित किया जाएगा।
855 करोड़ रुपये से तैयार होगी महत्वाकांक्षी परियोजना
वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने जानकारी देते हुए बताया कि इस परियोजना पर 855 करोड़ 4 लाख 34 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। इस योजना के तहत अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इमरजेंसी अस्पताल के साथ एक नया ओपीडी ब्लॉक और 200 सीटों वाला टीचिंग ब्लॉक भी बनाया जाएगा।
नया ओपीडी ब्लॉक मरीजों की लगातार बढ़ती संख्या और बेहतर इलाज की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा, जिससे मरीजों को अधिक व्यवस्थित और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
मरीजों के इलाज के साथ मेडिकल शिक्षा को भी मिलेगा बढ़ावा
इस परियोजना का लाभ सिर्फ मरीजों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि मेडिकल शिक्षा को भी इससे बड़ा फायदा मिलेगा। प्रस्तावित टीचिंग ब्लॉक में चिकित्सा छात्रों को आधुनिक तकनीक और बेहतर संसाधनों से युक्त शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे मेडिकल शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा।
अधिकारियों के मुताबिक, नई स्वास्थ्य अवसंरचना तैयार होने के बाद गंभीर मरीजों को तेजी से विशेषज्ञ उपचार मिल सकेगा। साथ ही प्रदेश के अलग-अलग जिलों से इलाज के लिए राजधानी आने वाले मरीजों को भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

