Bharti Airtel ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड, HDFC Bank को पीछे छोड़ बनी देश की दूसरी सबसे मूल्यवान कंपनी

Sandesh Wahak Digital Desk : भारती एयरटेल ने भारतीय शेयर बाजार में बड़ा मुकाम हासिल करते हुए बाजार मूल्यांकन के मामले में HDFC बैंक को पीछे छोड़ दिया है। इसके साथ ही कंपनी अब रिलायंस इंडस्ट्रीज के बाद भारत की दूसरी सबसे बड़ी मार्केट वैल्यू वाली कंपनी बन गई है।

सोमवार को कंपनी का कुल बाजार मूल्यांकन करीब 11.90 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया, जबकि HDFC बैंक का मार्केट कैप लगभग 11.80 लाख करोड़ रुपये रहा। वहीं, रिलायंस इंडस्ट्रीज अब भी करीब 18.11 लाख करोड़ रुपये के बाजार मूल्यांकन के साथ पहले स्थान पर बनी हुई है।

शेयर में लगातार चौथे दिन तेजी

सोमवार को BSE पर भारती एयरटेल का शेयर करीब 3 फीसदी की बढ़त के साथ 1,953 रुपये के आसपास पहुंच गया। कंपनी का स्टॉक लगातार चौथे कारोबारी सत्र में तेजी के साथ कारोबार करता दिखा।

पिछले चार ट्रेडिंग सेशन में एयरटेल का शेयर 11 फीसदी से ज्यादा मजबूत हुआ है। वहीं, मई महीने में अब तक स्टॉक में करीब 4 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई है। इससे पहले अप्रैल महीने में भी कंपनी के शेयर में लगभग 6 फीसदी की तेजी देखने को मिली थी।

मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि कंपनी के बेहतर प्रदर्शन और भविष्य की संभावनाओं को लेकर निवेशकों का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है।

तिमाही नतीजों के बाद भी निवेशकों का भरोसा कायम

हाल ही में भारती एयरटेल ने अपने तिमाही नतीजे जारी किए थे। कंपनी का मुनाफा सालाना आधार पर घटकर 7,325 करोड़ रुपये रहा, लेकिन कारोबार में अच्छी वृद्धि दर्ज की गई।

कई ब्रोकरेज फर्म अब भी एयरटेल के शेयर को लेकर सकारात्मक नजरिया बनाए हुए हैं। ब्रोकरेज हाउस मोतीलाल ओसवाल ने स्टॉक पर खरीदारी की सलाह बरकरार रखते हुए इसका टारगेट प्राइस 2,180 रुपये तय किया है।

विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले वर्षों में कंपनी के रेवेन्यू और कमाई में अच्छी वृद्धि देखने को मिल सकती है, जिससे निवेशकों का भरोसा और मजबूत हो सकता है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.