UP के 3.53 लाख रसोइयों को योगी सरकार का दिवाली गिफ्ट, मानदेय बढ़कर 3,000 हुआ

UP Cook Honorarium Hike: दिवाली से पहले उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने सरकारी स्कूलों में बच्चों के लिए मिड-डे मील (Mid-Day Meal) बनाने वाले रसोइयों को राहत दी है। सरकार ने उनका मासिक मानदेय 1,000 रुपये बढ़ाकर 2,000 से 3,000 रुपये कर दिया है। बढ़ा हुआ मानदेय सितंबर 2026 से लागू होगा। इस फैसले से प्रदेश के 3.53 लाख से अधिक रसोइयों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

नई व्यवस्था के तहत अक्टूबर में रसोइयों के खातों में बढ़े हुए मानदेय के साथ सितंबर का एरियर भी भेजा जाएगा। इस हिसाब से अक्टूबर में उनके खाते में कुल 4,000 रुपये आने की उम्मीद है। इसमें अक्टूबर का 3,000 रुपये मानदेय और सितंबर का 1,000 रुपये एरियर शामिल होगा।

17 अक्टूबर को जारी हुए निर्देश

मिड-डे मील के निदेशक प्रेम रंजन सिंह ने 17 अक्टूबर को इस संबंध में सभी जिलों के बेसिक शिक्षा अधिकारियों और वित्त एवं लेखाधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। आदेश में कहा गया है कि रसोइयों के खातों में बढ़ा हुआ मानदेय समय पर भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। भुगतान में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

साल में 10 महीने मिलता है मानदेय

हालांकि, रसोइयों को साल के सभी 12 महीनों का मानदेय नहीं दिया जाता। उन्हें निर्धारित व्यवस्था के तहत साल में केवल 10 महीने का भुगतान मिलता है। ऐसे में बढ़े हुए मानदेय का लाभ भी तय भुगतान अवधि के अनुसार दिया जाएगा।

सरकारी स्कूलों में बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन तैयार करने वाले रसोइयों को लंबे समय से सीमित मानदेय मिलता रहा है। ऐसे में 1,000 रुपये की बढ़ोतरी से उन्हें अतिरिक्त आर्थिक सहायता मिलेगी। सरकार ने जिलों को निर्देश दिया है कि भुगतान की प्रक्रिया समय से पूरी की जाए, ताकि रसोइयों को बढ़े हुए मानदेय का लाभ मिल सके।

Also Read: यूपी में कोहरे से हादसे रोकने की तैयारी, हाईवे पर तैनात होंगे पेट्रोलिंग वाहन और एंबुलेंस

Get real time updates directly on you device, subscribe now.