दीपावली पर मिलावटखोरों पर योगी सरकार की सख्त कार्रवाई, लाखों की खाद्य सामग्री जब्त
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में दीपावली के त्योहार को सुरक्षित और स्वास्थ्यवर्धक बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इस अभियान के तहत अब तक प्रदेश भर में 4621 निरीक्षण, 2085 छापे और 2853 नमूनों की जांच की गई।
1155 क्विंटल सामग्री नष्ट की गई
जांच में 2993 क्विंटल मिलावटी और अस्वास्थ्यकर खाद्य सामग्री जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹3.88 करोड़ है। मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाए जाने पर 1155 क्विंटल सामग्री नष्ट की गई, जिसकी कीमत लगभग ₹1.75 करोड़ है।
अभियान में विभिन्न जिलों में खोया, पनीर, दूध, बर्फी, पेड़ा, केक, रसगुल्ला, गुलाबजामुन और सरसों तेल जब्त और नष्ट किया गया। प्रमुख जिलों में लखनऊ, मथुरा, उन्नाव, झांसी, हाथरस, बुलंदशहर, मीरजापुर, गोरखपुर, मेरठ और कानपुर शामिल हैं। हाईवे और टोल प्लाजा पर भी बड़ी मात्रा में मिलावटी सामग्री बरामद हुई।
नकली खाद्य पदार्थ की शिकायत के लिए नंबर जारी
खाद्य सुरक्षा सचिव डॉ. रोशन जैकब ने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है और कोई भी मिलावटी खाद्य पदार्थ बाजार में नहीं छोड़ा जाएगा।
सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे नकली खाद्य पदार्थ या घटिया दवाइयों की सूचना टोल-फ्री नंबर 1800-180-5533 या व्हाट्सएप नंबर 9793429747 पर दें। शिकायत गोपनीय रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।

