कैब बुकिंग में अब पहले से नहीं दे सकेंगे टिप, सरकार ने एग्रीगेटर्स को दिया सख्त निर्देश

Business News : सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) ने कैब एग्रीगेटर्स को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। मंत्रालय ने सभी कैब कंपनियों को अपने ऐप से प्री-राइड टिप यानी यात्रा शुरू होने से पहले टिप देने का विकल्प हटाने को कहा है। साथ ही, Motor Vehicle Aggregator Guidelines, 2025 का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

मंत्रालय ने कहा कि कुछ राइड एग्रीगेटर्स के ऐप पर यात्रा शुरू होने से पहले “Advance Tip”, “Choose an Add-on” और “अगर आप टिप देंगे तो ड्राइवर के राइड स्वीकार करने की संभावना बढ़ सकती है” जैसे विकल्प या संदेश दिखाए जा रहे हैं। अब इस तरह के विकल्पों पर रोक रहेगी।

राइड पूरी होने के बाद ही दिखेगा टिप का विकल्प

सरकार के मुताबिक, ऐप पर टिप देने का विकल्प सिर्फ यात्रा पूरी होने के बाद दिखाई दे सकता है। बुकिंग के समय, यात्रा शुरू होने से पहले या यात्रा के दौरान टिप देने का विकल्प उपलब्ध नहीं कराया जा सकता।

मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि टिप की व्यवस्था ऐसी नहीं होनी चाहिए, जिससे यात्री को गुमराह किया जाए या उस पर किसी तरह का दबाव बनाया जाए। यह व्यवस्था Consumer Protection Act, 2019 और उससे जुड़े नियमों के अनुरूप होनी चाहिए।

इसका मतलब है कि यात्री से राइड बुक करते समय किसी अतिरिक्त रकम का भुगतान नहीं कराया जा सकता। यात्रा पूरी होने के बाद टिप देना पूरी तरह यात्री की इच्छा पर निर्भर करेगा।

टिप देने से न राइड जल्दी मिलेगी, न ड्राइवर की स्वीकृति बढ़ेगी

सरकार ने यह भी साफ किया है कि कैब ऐप पर ऐसा कोई संदेश या विकल्प नहीं होना चाहिए, जिससे यह लगे कि टिप देने पर राइड जल्दी कन्फर्म होगी या ड्राइवर के राइड स्वीकार करने की संभावना बढ़ जाएगी।

टिप को राइड कन्फर्मेशन, ड्राइवर अलॉटमेंट, इंतजार के समय या बेहतर सर्विस से जोड़ना नियमों के खिलाफ होगा।

यात्रा पूरी होने के बाद अगर यात्री टिप देता है तो टिप की पूरी रकम ड्राइवर को मिलनी चाहिए। कैब एग्रीगेटर इसमें किसी तरह की कटौती नहीं कर सकता।

मंत्रालय ने कहा है कि राइड पूरी होने से पहले ऐसा कोई फीचर, मैसेज, ऐड-ऑन, पेमेंट विकल्प या यूजर इंटरफेस नहीं दिखाया जाना चाहिए, जो सीधे या परोक्ष रूप से यात्री को यह महसूस कराए कि अतिरिक्त भुगतान करने से राइड कन्फर्मेशन, ड्राइवर की स्वीकृति, ड्राइवर अलॉटमेंट, वेटिंग टाइम या सर्विस की गुणवत्ता बेहतर हो सकती है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.