फार्महाउस में युवती से गैंगरेप, 2 CRPF जवान, दरोगा और सिपाही समेत चार गिरफ्तार
Amroha News: उत्तर प्रदेश के अमरोहा से एक ऐसी शर्मनाक घटना सामने आई है, जिसने कानून-व्यवस्था और खाकी वर्दी दोनों की साख को तार-तार कर दिया है। हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के एक फार्महाउस में 23 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। इस घटना में दो सीआरपीएफ जवानों के अलावा यूपी पुलिस के एक दरोगा और एक सिपाही की संलिप्तता सामने आई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
पीड़िता हरियाणा के फतेहाबाद की रहने वाली है। उसने पुलिस को बताया कि 20 सितंबर को उसकी बातचीत एक परिचित से हुई थी, जिसने उसे सोनीपत में सीआरपीएफ के हेड कॉन्स्टेबल मोहित से मिलने की सलाह दी। 21 सितंबर की दोपहर करीब 1 बजे वह सोनीपत पहुंची, जहां से मोहित उसे अपनी कार में बैठाकर मेरठ की ओर निकल पड़ा। रास्ते में उसने अपने साथी सीआरपीएफ इंस्पेक्टर लालाराम यादव को भी गाड़ी में बैठा लिया। दोनों आरोपी युवती को अमरोहा के हसनपुर ले गए, जहां थाने के गेट पर उनकी मुलाकात वहां तैनात दरोगा संजय तोमर से हुई।
विधायक के फार्महाउस में बुक किए दो कमरे
इसके बाद सभी आरोपी झुलपुरी गांव स्थित एक फार्महाउस पहुंचे और वहां दो कमरे बुक किए। बताया जा रहा है कि यह फार्महाउस उत्तराखंड की खानपुर विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक उमेश शर्मा का है। आरोप है कि फार्महाउस में इन लोगों ने युवती के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान प्रमोद नाम का एक शख्स उन्हें खाना देने आया था।
अमरोहा के एसपी लाखन सिंह यादव ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि 23 सितंबर तड़के उन्हें फोन पर एक महिला ने सूचना दी कि उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की जा रही है। सूचना मिलते ही थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और सबसे पहले महिला को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद उससे पूरी जानकारी ली गई। एसपी के मुताबिक पीड़िता ने बताया कि वह पहले से जानकार सीआरपीएफ हेड कॉन्स्टेबल मोहित और इंस्पेक्टर लालाराम के साथ अमरोहा आई थी। ये दोनों जवान अपने दोस्त संजय से मिलने यहां पहुंचे थे और फार्महाउस में रुके थे। पुलिस ने पीड़िता की लिखित तहरीर के आधार पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर सभी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
दरोगा और सिपाही निलंबित
मामले में अमरोहा के हसनपुर थाने में तैनात दरोगा और सिपाही को पुलिस अधीक्षक लखन सिंह ने निलंबित कर दिया है। पीड़िता की तत्परता और पुलिस को दी गई सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
Also Read: ‘गोंधल’ की ऑस्कर एंट्री पर अनुराग कश्यप के बयान से विवाद, डायरेक्टर ने दिया जवाब

