Bareilly News: तमंचा और कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार
Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में अपराधियों और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सुभाषनगर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ धर दबोचा है।
थाना सुभाषनगर पुलिस टीम को 9 अक्टूबर 2026 को मुखबिर द्वारा सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध युवक अवैध असलाह के साथ क्षेत्र में घूम रहा है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मालगोदाम रोड पर लाइन किनारे नेकपुर जाने वाले रास्ते (मोहल्ला नेकपुर पैदल पुल की ओर) से घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। पकड़े गए शख्स की पहचान राकेश साहू (पुत्र लेखराज, निवासी- नौदेवी मंदिर के पास, शांति विहार, थाना सुभाषनगर, बरेली, उम्र 40 वर्ष) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी राकेश साहू ने कबूल किया कि उसने यह हथियार अपनी निजी सुरक्षा के वास्ते एक अनजान व्यक्ति से खरीदा था। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सुभाषनगर में मु.अ.सं. 696/2026 के तहत धारा 3/25 आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज कर लिया है। विधिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया है।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: BJP के पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने दिया इस्तीफा, फेसबुक पर किया पोस्ट, समर्थकों ने भी किया ऐलान

