BJP ने दिल्ली में CJP के प्रदर्शन को बताया फ्लॉप शो, संबित पात्रा बोले- भीड़तंत्र पर हुई लोकतंत्र की जीत

Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और अन्य विपक्षी दलों द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन को सिरे से खारिज करते हुए इसे एक बड़ा फ्लॉप शो करार दिया है। पार्टी मुख्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि यह प्रदर्शन और कुछ नहीं बल्कि दिल्ली को बंधक बनाने, आगजनी फैलाने और मारपीट करने की एक सोची-समझी कोशिश थी, लेकिन अंततः भीड़तंत्र पर लोकतंत्र की जीत हुई है।

भारत सुशासन के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है

संबित पात्रा ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जंतर-मंतर या टीवी चैनलों और सोशल मीडिया हैंडल्स पर जो कुछ भी दिखाया जा रहा है, वह असल भारत की कहानी नहीं है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज भारत पूरी तरह शांत है और देश स्थिरता व सुशासन के साथ लगातार आगे बढ़ रहा है। पात्रा ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ दिनों से कुछ अराजक तत्व राजधानी के एक कोने में व्यवस्था बिगाड़ने का कुचक्र रच रहे हैं, लेकिन प्रशासन की सतर्कता से उनके सभी मंसूबे पानी में मिल गए हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि अराजकतावादियों के ये कार्यक्रम कतई सफल नहीं होंगे।

कांग्रेस और आप पर साधा निशाना

विपक्षी दलों के अलग-अलग विरोध प्रदर्शनों पर कटाक्ष करते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि अराजकतत्वों के बीच भी इस बात की होड़ मची है कि इस तथाकथित विरोध का श्रेय किसे मिले। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच संविधान बचाने का ठेका लेने को लेकर आपसी गुत्थमगुत्थी चल रही है। आप नेताओं का कहना है कि क्या संविधान बचाने का एकाधिकार सिर्फ कांग्रेस के पास है, जबकि कांग्रेस अपनी जेब में संविधान की प्रति लेकर घूमने का दावा कर रही है। यही वजह है कि दोनों दल अलग-अलग तारीखों पर प्रदर्शन कर रहे हैं ताकि देश के माहौल को सुनियोजित तरीके से बिगाड़ा जा सके।

कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच गिरफ्तारियां

गौरतलब है कि कॉकरोच जनता पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के विरोध में शनिवार को बड़े आंदोलन का आह्वान किया था। हालांकि, दिल्ली पुलिस द्वारा अनुमति न दिए जाने के बावजूद जैसे ही CJP समर्थक सड़कों पर उतरे, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सैकड़ों प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।

इसी कड़ी में, CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके, प्रवक्ता सौरभ दास और आशुतोष रांका को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) हवाई अड्डे पर उतरते ही विमान के भीतर से हिरासत में ले लिया गया। इस आंदोलन का समर्थन करने वाले अन्य विपक्षी दलों के नेताओं को भी पुलिस ने एहतियातन अपनी कस्टडी में ले लिया है।

Also Read: CJP का प्रदर्शन: ममता बनर्जी, पिनाराई विजयन और मानिक सरकार समेत कई दिग्गज हिरासत में

Get real time updates directly on you device, subscribe now.