यूपी में आंधी-तूफान और बिजली गिरने से 101 की मौत, सीएम योगी 24 घंटे में मुआवजा देने के दिए निर्देश
Lucknow News: उत्तर प्रदेश में बुधवार शाम कुदरत ने ऐसा कहर बरपाया कि देखते ही देखते 101 लोगों की जिंदगी खत्म हो गई। भीषण आंधी-तूफान, मूसलाधार बारिश और आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 50 से अधिक लोग घायल हैं। मौसम के इस रौद्र रूप ने सबसे ज्यादा तबाही प्रयागराज (21 मौतें), भदोही (18 मौतें) और मिर्जापुर (15 मौतें) में मचाई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस आपदा पर गहरा दुख जताते हुए सभी जिलाधिकारियों (DM) को फील्ड पर उतरकर पीड़ितों की मदद करने और 24 घंटे के भीतर मुआवजा राशि वितरित करने के कड़े निर्देश दिए हैं।

धराशायी हुए पेड़ और बिजली के खंभे
तूफान इतना भीषण था कि सड़कों पर लगे दशकों पुराने विशाल पेड़ और बिजली के खंभे ताश के पत्तों की तरह गिर गए। बरेली में तो टीनशेड तक हवा में उड़ गए। कई राहगीरों ने जान बचाने के लिए पेड़ों के नीचे शरण ली, जो उनके लिए जानलेवा साबित हुई। मलबे में दबने से कई वाहनों को भारी नुकसान पहुँचा है और मुख्य मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। प्रशासन की टीमें युद्धस्तर पर राहत कार्यों में जुटी हैं और घर-घर जाकर नुकसान का सर्वे कर रही हैं।

अलर्ट मोड पर प्रशासन, अभी टला नहीं है खतरा
मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी की है कि अगले कुछ दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश और बिजली गिरने का सिलसिला जारी रह सकता है। मुख्यमंत्री ने राजस्व, कृषि विभाग और बीमा कंपनियों को तत्काल सर्वे कर रिपोर्ट सौंपने को कहा है। सीएम ने स्पष्ट किया है कि पीड़ितों की सहायता में किसी भी स्तर पर होने वाली अनदेखी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Also Read: RCB प्लेयर ने पेश की ईमानदारी की मिसाल, मैदान पर गिरी गोल्ड चेन लौटाई, लाइव मैच में कैद हुआ नजारा

