वीडी सतीशन होंगे केरल के मुख्यमंत्री, कांग्रेस ने नाम पर लगाई मुहर
Sandesh Wahak Digital Desk: केरल विधानसभा चुनाव में शानदार जीत के बाद करीब 10 दिनों तक चले मंथन और कड़े मुकाबले के बाद कांग्रेस ने वीडी सतीशन को केरल का नया मुख्यमंत्री चुन लिया है। दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में मुकुल वासनिक, दीपा दास मुंशी और अजय माकन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आधिकारिक रूप से उनके नाम की घोषणा की। मुख्यमंत्री की इस दौड़ में संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और सतीशन के बीच मुकाबला बेहद करीबी माना जा रहा था, लेकिन अंततः सतीशन के अनुभव और जमीनी पकड़ को प्राथमिकता दी गई।
छात्र राजनीति से सत्ता के शिखर तक का सफर
कोच्चि के नेत्तूर में जन्मे वीडी सतीशन एक वकील और सामाजिक कार्यकर्ता रहे हैं। उन्होंने केरल छात्र संघ (KSU) के जरिए राजनीति की शुरुआत की और पार्टी में अपनी एक अलग पहचान बनाई। प्रखर वक्ता और जुझारू नेता के रूप में मशहूर सतीशन साल 2001 से लगातार परवूर विधानसभा सीट से विधायक चुने जा रहे हैं। वे केरल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के रूप में भी वाम मोर्चे के खिलाफ बेहद आक्रामक रहे हैं।
केरल में भले ही यूडीएफ ने बिना किसी घोषित चेहरे के चुनाव लड़ा हो, लेकिन सतीशन ने सड़क से लेकर सदन तक पिनारयी विजयन सरकार की घेराबंदी की। उन्होंने युवाओं, सिविल सोसायटी और मध्यम वर्ग को पार्टी से जोड़ने में अहम भूमिका निभाई। समर्थकों और सहयोगियों का मानना था कि एलडीएफ को सत्ता से हटाने के उनके संघर्ष को देखते हुए उन्हें मुख्यमंत्री बनाना कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने वाला फैसला है। सतीशन को यूडीएफ के प्रमुख सहयोगी ‘इंडियन मुस्लिम लीग’ (IUML) का भी पुरजोर समर्थन प्राप्त था, जिसने उनके दावे को और मजबूती दी।
Also Read: यूपी में आंधी-तूफान और बिजली गिरने से 101 की मौत, सीएम योगी 24 घंटे में मुआवजा देने के दिए निर्देश

