कुशीनगर में 3,13,567 उज्ज्वला लाभार्थियों को मिली निःशुल्क रिफिल की सौगात, सांकेतिक चेक वितरित

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के लोकभवन सभागार से प्रदेशव्यापी प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को निःशुल्क सिलेंडर रिफिल की सहायता वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसी कड़ी में, कुशीनगर जिले के 3,13,567 पंजीकृत लाभार्थियों के खातों में मुफ्त सिलेंडर रिफिल की सब्सिडी भेजी जाएगी।

दो त्योहारों पर मिलेगा लाभ

कुशीनगर कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का  सीधा प्रसारण किया गया। इस अवसर पर सदर विधायक मनीष जायसवाल, रामकोला विधायक विनय गौंड, दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री राजेश्वर सिंह, जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर और अन्य अधिकारियों ने लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए।

जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि जनपद के 3,13,567 उज्ज्वला लाभार्थियों को दीपावली और होली के त्योहार पर एक-एक निःशुल्क सिलेंडर रिफिल की सुविधा दी जाएगी। इसके लिए भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से निर्धारित सब्सिडी राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में एनपीसीआई और आईएमपीएस प्रणाली के माध्यम से भेजी जा रही है।

जीवन में बदलाव का प्रतीक बनी योजना

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना गरीब परिवारों के जीवन में बदलाव का प्रतीक बन चुकी है। इस योजना से न केवल महिलाओं को खाना बनाने के दौरान होने वाले धुएं से मुक्ति मिली है, बल्कि उनके स्वास्थ्य में भी सुधार हुआ है। उन्होंने लाभार्थियों से अपील की कि वे इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ उठाएं और स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को जीवनशैली में अपनाएं।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गुंजन द्विवेदी, परियोजना निदेशक पीयूष कुमार सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी कृष्ण गोपाल पांडेय, जिला समन्वयक व विक्रय अधिकारी (एलपीजी) श्याम स्वरूप, गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में उज्ज्वला योजना के लाभार्थी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट:

 

Also Read: ‘भारतीय ज्ञान परंपरा ही योग का विज्ञान है’ सिद्धार्थ विश्वविद्यालय में प्रो. दिनेश कुमार सिंह का प्रेरक व्याख्यान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.