Lucknow News: क़ुव्वत-ए-परवाज कार्यक्रम में 50 मेधावी छात्र सम्मानित, परवाज़ फाउंडेशन ने बांटी छात्रवृत्तियां
Lucknow News: शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रही पंजीकृत संस्था परवाज़ फाउंडेशन द्वारा रविवार को राजधानी लखनऊ में क़ुव्वत-ए-परवाज़ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में 250 से अधिक विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षाविदों, विद्यालय प्रतिनिधियों एवं शुभचिंतकों ने हिस्सा लिया। समारोह के दौरान विभिन्न विद्यालयों के 10वीं और 12वीं के 50 मेधावी विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। इसके साथ ही जरूरतमंद विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के चेक बांटे गए और विकासनगर क्षेत्र के अग्निप्रभावित विद्यार्थियों की फीस का सहयोग भी संस्था द्वारा किया गया। सहयोगी विद्यालयों को मोमेंटो एवं छात्रवृत्ति के चेक देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में शामिल मौलाना ख़ालिद राशिद फ़िरंगी महली साहब ने इस्लाम में ज़कात की अहमियत और विद्यार्थियों की तालीम को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। डॉ. नसीम जमाल ने साक्षर और शिक्षित होने के बीच के अंतर को स्पष्ट करते हुए स्किल डेवलपमेंट के महत्व को रेखांकित किया। परवाज़ फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. कौसर उस्मान ने शिक्षा के माध्यम से समाज में समान अवसर और सशक्तिकरण की आवश्यकता पर बल दिया।

22 वर्षों की शैक्षिक यात्रा का लेखा-जोखा
पिछले 22 वर्षों से शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र में निरंतर सक्रिय परवाज़ फाउंडेशन के सचिव तारिक़ ख़ान ने कार्यक्रम का कुशल संचालन किया। उन्होंने संस्था की शैक्षिक यात्रा और जरूरतमंद विद्यार्थियों तक शिक्षा के अवसर पहुँचाने की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। दानिश उस्मानी ने विद्यार्थियों की पृष्ठभूमि व भविष्य के लक्ष्यों पर संवाद किया, वहीं तारिक़ सिद्दीकी ने कलेक्टिव जकात के माध्यम से अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक सहायता पहुँचाने की बात कही। ग़ुफ़रान अलवी ने फंड के पारदर्शी और उचित उपयोग पर जोर दिया, जबकि प्रो. हिलाल नक़वी एवं जावेद इक़बाल ने विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।

परवाज पाठशाला के बच्चों ने साझा किए अनुभव
कार्यक्रम में परवाज़ पाठशाला से जुड़े बच्चों ने अपने व्यक्तिगत अनुभव व शिक्षा से जीवन में आए बदलावों को साझा किया। इस अवसर पर संस्था की यात्रा और समाज पर पड़े प्रभाव को दर्शाती एक प्रभावशाली डॉक्यूमेंट्री फिल्म प्रदर्शित की गई। इसके साथ ही परवाज़ फाउंडेशन की नई आधिकारिक वेबसाइट का उद्घाटन और एक नई छात्रवृत्ति योजना का औपचारिक शुभारंभ भी किया गया, जो कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण रहे।
Also Read: Siddharthnagar News: ऑपरेशन कवच के तहत एसएसबी व ग्राम सुरक्षा समिति के साथ बैठक

