राजनाथ सिंह और सीएम योगी ने किया अवंती बाई लोधी की प्रतिमा का अनावरण, सपा पर बोला तीखा हमला

Lucknow News: राजधानी लखनऊ में विकास और राष्ट्रनायकों के सम्मान की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया। देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संयुक्त रूप से 101 करोड़ रुपये की लागत वाली 12 प्रमुख विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस अवसर पर राष्ट्र प्रेरणा स्थल के समीप चौराहे पर अमर स्वतंत्रता सेनानी वीरांगना अवंती बाई लोधी की भव्य प्रतिमा का अनावरण भी किया गया। जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने विकास कार्यों को रेखांकित करने के साथ ही मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) और उसके शीर्ष नेतृत्व पर राजनीतिक हमला बोला।

बिना नाम लिए अखिलेश यादव को घेरा

जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव का नाम लिए बिना उन पर कड़ा प्रहार किया। सीएम योगी ने कहा, ये दंगों के बादशाह हैं, कर्फ्यू इनकी पहचान है और प्रदेश के खजाने में लूट-खसोट इनकी आदत का हिस्सा रहा है। उन्होंने कानून व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि सपा शासनकाल में ‘देख सपाई-बिटिया घबराई’ का माहौल था और खाली जमीनों पर अवैध कब्जे होते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोग आज फिर से पीडीए के नाम पर समाज को बांटने की कोशिश कर रहे हैं, जिन्होंने बाबूजी कल्याण सिंह के निधन पर एक ट्वीट तक करना उचित नहीं समझा था।

राजनाथ सिंह और सीएम योगी ने किया अवंती बाई लोधी की प्रतिमा का अनावरण

 

JPNIC प्रोजेक्ट में 864 करोड़ रुपये का बेहिसाब खर्च

सीएम योगी ने जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय केंद्र (JPNIC) का मुद्दा उठाते हुए कहा कि 200 करोड़ रुपये का यह प्रोजेक्ट 864 करोड़ रुपये खर्च होने के बाद भी अधूरा छोड़ दिया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि इस स्मारक को सपा ने अपना पर्सनल अड्डा बनाने की कोशिश की और इसके लिए बनाई गई कमेटी में अखिलेश यादव, डिंपल यादव और उनके करीबी शामिल थे। सीएम योगी ने चेतावनी देते हुए कहा कि हमारी सरकार की नीति जहां माफिया को मिट्टी में मिलाने की है, वहीं भ्रष्टाचार के खिलाफ भी जीरो टॉलरेंस की नीति लागू है। यह पैसा किसी सैफई सिंडिकेट का नहीं बल्कि प्रदेश की जनता का है।

राजनाथ सिंह ने की सीएम योगी की तारीफ

मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण के कदमों की जानकारी देते हुए बताया कि पीएसी की महिला वाहिनियों के नाम वीरांगना अवंती बाई लोधी, ऊदा देवी पासी और झलकारी बाई के नाम पर रखे गए हैं। साथ ही, स्नातक अंतिम वर्ष की 50,000 छात्राओं को जल्द ही महारानी लक्ष्मीबाई योजना के तहत स्कूटी दी जाएगी। कार्यक्रम में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि लखनऊ के चौमुखी विकास में राज्य सरकार का अभूतपूर्व योगदान रहा है। केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार की एक ही सोच होने के कारण प्रदेश में विकास की गति कई गुना बढ़ गई है।

Also Read: Lucknow News: क़ुव्वत-ए-परवाज कार्यक्रम में 50 मेधावी छात्र सम्मानित, परवाज़ फाउंडेशन ने बांटी छात्रवृत्तियां

Get real time updates directly on you device, subscribe now.