बंगाल में भी बड़ा हादसा, तारापीठ के होटल में आग लगने से 7 तीर्थयात्रियों की मौत, कई झुलसे
West Bengal Fire Accident: सावन के सोमवार को बिहार के लखीसराय में अशोकधाम मंदिर हादसे के बाद अब पश्चिम बंगाल के बीरभूम (Birbhum) से भी दर्दनाक खबर सामने आई है। प्रसिद्ध तारापीठ मंदिर (Tarapith Temple) क्षेत्र के एक चार मंजिला होटल में तड़के भीषण आग लगने से सात लोगों की मौत हो गई। हादसे के वक्त होटल में ज्यादातर लोग सो रहे थे।
पुलिस के मुताबिक आग सुबह करीब 5 बजे होटल की पहली मंजिल पर लगी। देखते ही देखते धुआं और आग होटल के दूसरे हिस्सों तक फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
सोते समय होटल में भर गया धुआं
आग लगने के बाद होटल में अफरा-तफरी मच गई। कई कमरों में धुआं भर जाने से लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई। घायलों और आग से प्रभावित लोगों को रामपुरहाट सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया।
एक महिला ने बताया कि अचानक पूरे होटल में धुआं भर गया था और बाहर निकलने का रास्ता ढूंढना मुश्किल हो गया था। अधिकारियों के मुताबिक मृतकों में कुछ श्रद्धालु भी शामिल हैं, जो तारापीठ के प्रसिद्ध काली मंदिर में पूजा करने पहुंचे थे।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने का दावा
होटल प्रबंधन की ओर से शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई गई है। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक आग सबसे पहले रिसेप्शन एरिया के आसपास लगी थी और इसके बाद होटल के अन्य हिस्सों में फैल गई।
रामपुरहाट से दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। पुलिस और प्रशासन की टीमें मृतकों की पहचान करने के साथ ही हादसे (West Bengal Fire Accident) की पूरी जांच में जुटी हैं। फिलहाल आग की वास्तविक वजह और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
Also Read: बिहार: अशोकधाम मंदिर में बिजली का तार गिरने से भगदड़, 7 श्रद्धालुओं की मौत, 12 से अधिक घायल

