पश्चिम बंगाल में तारापीठ थाने के पास होटल में लगी भीषण आग, 6 की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल तारापीठ से एक दुखद घटना सामने आई है। तारापीठ पुलिस स्टेशन के समीप तालाब किनारे स्थित विदेशिनी होटल में सोमवार तड़के करीब 4:30 बजे अचानक भीषण आग भड़क उठी। इस दर्दनाक हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही झुलसकर मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद लपटों पर काबू पाया।

हादसे में झुलसे सभी घायलों को त्वरित राहत कार्य के तहत इलाज के लिए रामपुरहाट सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए तारापीठ और रामपुरहाट पुलिस बल मौके पर राहत व बचाव कार्य में जुटा रहा। बीरभूम के अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) नीलेश श्रीकांत गाइकर ने मीडिया को बताया कि राहत कार्य लगातार जारी है और अब तक लगभग 11 से 12 लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

हालांकि आग लगने के सटीक कारणों का आधिकारिक खुलासा अभी तक नहीं हो सका है, लेकिन अग्निशमन विभाग के शुरुआती आकलन के अनुसार प्रथम दृष्टया यह हादसा शार्ट सर्किट (इलेक्ट्रिक शार्ट सर्किट) की वजह से होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और फॉरेंसिक टीमें मामले की विस्तृत जांच में जुट गई हैं।

Also Read: बंगाल में भी बड़ा हादसा, तारापीठ के होटल में आग लगने से 7 तीर्थयात्रियों की मौत, कई झुलसे

Get real time updates directly on you device, subscribe now.