केंद्र के 8.23 लाख सरकारी पद खाली! RTI में बड़ा खुलासा, रक्षा-रेलवे में सबसे ज्यादा वैकेंसी
Central Government Jobs: सूचना का अधिकार (RTI) के तहत सामने आए आंकड़ों ने केंद्र सरकार में सरकारी नौकरियों की स्थिति पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। 1 मार्च 2024 तक केंद्र सरकार के मंत्रालयों और विभागों में 8.23 लाख से ज्यादा स्वीकृत पद खाली थे। यह संख्या 2015 में दर्ज 4.21 लाख रिक्त पदों के मुकाबले लगभग दोगुनी है।
केंद्रीय वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग की Pay Research Unit (PRU) की ओर से उपलब्ध कराए गए आंकड़ों में 80 मंत्रालयों और विभागों का ब्योरा शामिल है। कुल 39,23,212 स्वीकृत नियमित असैनिक पदों में से 30,99,556 पर कर्मचारी कार्यरत थे, जबकि 8,23,556 पद खाली थे।
यह जानकारी मध्य प्रदेश के सामाजिक कार्यकर्ता चंद्रशेखर गौर की ओर से दायर RTI के जवाब में 19 अगस्त 2026 को सामने आई।
रक्षा और रेलवे में सबसे ज्यादा खाली पद
Central Government Jobs के रिक्त पदों के मामले में रक्षा मंत्रालय सबसे ऊपर है। यहां 5,56,248 स्वीकृत पदों में से 2,41,643 पद खाली थे।
इसके बाद रेलवे का नंबर है, जहां 14,79,701 स्वीकृत पदों में से 2,40,125 पद रिक्त पाए गए। वहीं गृह मंत्रालय में 1,10,885 और डाक विभाग में 61,546 पद खाली थे।
इसके अलावा पशुपालन एवं डेयरी विभाग में 57.7%, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय में 38% और कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय में 34% पद रिक्त थे।
खरगे ने साधा मोदी सरकार पर निशाना
आंकड़े सामने आने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (Mallikarjun Kharge) ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी पद खाली रखने से आरक्षण के तहत मिलने वाले रोजगार के अवसर भी प्रभावित हो सकते हैं।
खरगे ने इसे ‘पिछले दरवाजे से आरक्षण खत्म करने की कोशिश’ बताते हुए कहा कि आरक्षण खत्म करने के लिए संविधान बदलना जरूरी नहीं है, बल्कि आरक्षण वाले पदों को ही खत्म करना पर्याप्त है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (PSU) में 5.1 लाख स्थायी नौकरियां खत्म हुई हैं और ठेका कर्मचारियों का अनुपात 19% से बढ़कर 49% हो गया है।
Also Read: CJP ने फिर से भरी हुंकार, इस बार 5 सितंबर को इंडिया गेट से पुलिस मुख्यालय तक मार्च का ऐलान

