बदायूं में आंबेडकर प्रतिमा को लेकर बवाल, भीड़ ने पुलिस पर किया पथराव, पुलिसकर्मी घायल, कई गाड़ियां डैमेज

Badaun Violence News: बदायूं के फैजगंज बेहटा (Faizganj Behta) थाना क्षेत्र के राजा की सीकरी गांव में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा (Ambedkar Statue) लगाने को लेकर मंगलवार को दिनभर तनाव के बाद शाम को बवाल हो गया। ग्राम समाज की खलिहान भूमि पर बिना अनुमति प्रतिमा स्थापित किए जाने को लेकर विवाद चल रहा था।

शाम करीब साढ़े सात बजे मामला उस वक्त बिगड़ गया, जब प्रतिमा स्थापित करने की मांग पर अड़े कुछ लोगों ने पुलिस-प्रशासन की टीम पर पथराव शुरू कर दिया। करीब आधे घंटे तक चले पथराव में SDM और CO की गाड़ियों समेत करीब एक दर्जन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।

पथराव में पुलिसकर्मी और अधिवक्ता घायल

Badaun Violence News

पथराव के दौरान SDM के पैर और उनके अर्दली के हाथ में चोट आई। आधा दर्जन महिला सिपाहियों समेत कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए। मौके पर मौजूद अधिवक्ता प्रदीप कुमार के सिर में पत्थर लगने से गंभीर चोट आई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां छह टांके लगाए गए।

हमले में PAC ट्रक, फायर ब्रिगेड, SDM, तहसीलदार और नायब तहसीलदार की गाड़ियों के अलावा कई थानों की पुलिस गाड़ियां और दो निजी एंबुलेंस भी क्षतिग्रस्त हुईं।

पुलिस ने प्रतिमा कब्जे में ली, 12 हिरासत में

बवाल बढ़ने के बाद पुलिस ने बल प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ा और आंबेडकर प्रतिमा (Ambedkar Statue) को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने करीब 12 लोगों को हिरासत में लिया है। मौके पर पुलिस बल तैनात है।

SSP अंकिता शर्मा (Ankita Sharma) के मुताबिक, ग्राम समाज की जमीन पर प्रतिमा लगाए जाने की सूचना के बाद सुबह से ही पुलिस बल तैनात था। शाम को कुछ लोगों ने पथराव किया, जिसमें पुलिस वाहनों को नुकसान पहुंचा और कई कर्मचारी घायल हुए। डीएम अवनीश राय (Avneesh Rai) और एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।

Also Read: महंगाई पर सपा का अनोखा प्रदर्शन, सड़क पर राहगीरों को बांटी मुफ्त चीनी, E20 पर भी घेरा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.