Lucknow: ‘दो जून की रोटी’ के लिए शिक्षामित्रों का प्रदर्शन, सरकार से की स्थायी समाधान की मांग

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के इको गार्डन में 2 जून को राज्य भर के शिक्षामित्रों ने ‘दो जून की रोटी’ के लिए प्रदर्शन किया। हाथों में सूखी रोटियां और तख्तियां लिए सैकड़ों TET और CTET पास शिक्षामित्र सड़कों पर उतरे और अपनी आवाज सरकार तक पहुंचाने की कोशिश की।

यूपी के सभी 75 जिलों से आए इन शिक्षामित्रों ने इको गार्डन में इकट्ठा होकर सरकार के खिलाफ नारेबाज़ी की। उनकी प्रमुख मांग है कि उन्हें स्थायी नियुक्ति दी जाए और उनकी आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए न्यायोचित वेतन सुनिश्चित किया जाए।

प्रदर्शन के दौरान शिक्षामित्रों ने ‘दो जून की रोटी दो’ के नारे लगाकर अपनी व्यथा को खुलकर सामने रखा। उनका कहना है कि वर्षों से शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ बनने के बावजूद उन्हें न तो स्थायीत्व मिला और न ही सम्मानजनक वेतन।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि कई बार सरकार से गुहार लगाने के बाद भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे उनके परिवार की आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है।

शिक्षामित्रों ने साफ शब्दों में कहा कि यदि उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लिया गया, तो यह आंदोलन और तेज़ किया जाएगा। वे चाहते हैं कि सरकार उन्हें शिक्षा विभाग में उचित स्थान और सुरक्षा प्रदान करे ताकि वे सम्मानजनक जीवन जी सकें।

Also Read: JEE Advanced 2025 Result: लखनऊ के श्रेयस लोहिया ने हासिल की ऑल इंडिया 68वीं रैंक

Get real time updates directly on you device, subscribe now.