Lucknow: मंडलायुक्त रोशन जैकब ने कुकरैल नदी की सफाई कार्यों का किया औचक निरीक्षण, दिए ये निर्देश

Sandesh Wahak Digital Desk: मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब ने आज लखनऊ की जीवन रेखा मानी जाने वाली कुकरैल नदी की डी-शिल्टिंग और ड्रेजिंग कार्यों का अचानक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद मशीनरी और श्रमिकों की सक्रियता को देखा और साफ तौर पर निर्देश दिया कि काम को युद्ध स्तर पर तेजी से पूरा किया जाए।

निरीक्षण के समय यह पाया गया कि नदी में पोकलैंड मशीनों और अन्य उपकरणों के ज़रिए शिल्ट (गाद) की सफाई का कार्य किया जा रहा है। डॉ. जैकब ने कहा कि बारिश से पहले यह कार्य पूरी तरह से पूरा होना चाहिए, ताकि बरसात के दौरान जलभराव जैसी समस्याएं सामने न आएं।

4.4 किमी लंबी सफाई का लक्ष्य, 15 जून तक काम पूरा करने का आदेश

साइट पर मौजूद अधिकारियों ने मंडलायुक्त को जानकारी दी कि कुकरैल नदी में भीखमपुर से लेकर खुर्रमनगर तक 4.4 किलोमीटर क्षेत्र में डी-शिल्टिंग की जानी है। इस पर डॉ. जैकब ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि कार्य को 15 जून 2025 तक हर हाल में पूर्ण कर लिया जाए।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मशीनों और श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर काम में तेजी लाई जाए, ताकि किसी भी तरह की देरी न हो और बारिश से पहले क्षेत्र जलभराव की समस्या से मुक्त रह सके।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त गौरव कुमार सहित सिंचाई विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर उपस्थित थे। मंडलायुक्त ने सभी अधिकारियों से कहा कि काम में गुणवत्ता के साथ-साथ समयसीमा का भी कड़ाई से पालन किया जाए।

Also Read: Lucknow: ‘दो जून की रोटी’ के लिए शिक्षामित्रों का प्रदर्शन, सरकार से की स्थायी समाधान की मांग

Get real time updates directly on you device, subscribe now.