एलन मस्क के पिता एरोल मस्क पहुंचे अयोध्या, बेटी के साथ किए रामलला के दर्शन

Sandesh Wahak Digital Desk: दुनिया के सबसे अमीर लोगों में शामिल और टेस्ला व एक्स के प्रमुख एलन मस्क के पिता एरोल मस्क बुधवार को अपनी बेटी के साथ भारत के पावन नगरी अयोध्या पहुंचे। वह निजी विमान से दोपहर में अयोध्या एयरपोर्ट पर उतरे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया।

एयरपोर्ट पर हनुमानगढ़ी के पुजारी हेमंत दास और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों ने एरोल मस्क और उनकी बेटी का पारंपरिक अंदाज़ में अभिनंदन किया। एलन मस्क की बहन यानी एरोल की बेटी भी इस यात्रा में उनके साथ रहीं।

मीडिया से संक्षिप्त बातचीत के बाद एरोल मस्क का काफिला सीधे अयोध्या धाम के लिए रवाना हो गया। वे रामलला के दर्शन करेंगे और इसके साथ ही हनुमानगढ़ी मंदिर भी जाएंगे। राम मंदिर ट्रस्ट की ओर से एरोल और उनके परिवार का विशेष स्वागत किया जाएगा।

आस्था और संस्कृति से भरे इस दौरे के बाद एरोल मस्क शाम को अपने निजी विमान से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे। अयोध्या में उनके आगमन को लेकर स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

 

Also Read: Lucknow: आयकर अधिकारियों के विवाद में बड़ा एक्शन, असिस्टेंट कमिश्नर योगेंद्र मिश्रा सस्पेंड

Get real time updates directly on you device, subscribe now.