Bareilly News: जमीन विवाद में बुजुर्ग महिला की हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद

Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली जिले के थाना बिथरी चैनपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने एक वृद्धा की हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी रामपाल को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने उसके पास से हत्या में प्रयुक्त लोहे का बांका भी बरामद कर लिया है।

प्रभारी निरीक्षक अभिषेक कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रामपाल पुत्र रामभरोसे, निवासी नवदिया हरकिशन (थाना बिथरी चैनपुर) को पुरनापुर कट के पास स्थित मंदिर के पीछे एक पेड़ की आड़ से गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान रामपाल ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और उसकी निशानदेही पर वह हथियार भी बरामद किया गया, जिससे वारदात को अंजाम दिया गया था।

आपको बता दें कि यह मामला 17 मई 2025 का है, जब ग्राम नवदिया हरकिशन की रहने वाली 58 वर्षीय महिला हरप्यारी देवी की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। मृतका के बेटे अरविंद कुमार ने थाना बिथरी चैनपुर में तीन लोगों रामपाल, राहुल और प्रियांशु के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी।

जमीन विवाद के चलते हुई थी हत्या

पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी रामपाल का वादी पक्ष से लंबे समय से जमीन का विवाद चल रहा था, जो हाल ही में सुलझ चुका था। बावजूद इसके, रामपाल के मन में रंजिश बरकरार थी। उसे लगता था कि हरप्यारी देवी ही सभी समस्याओं की जड़ हैं। इसी कारण से उसने गुस्से में आकर वृद्धा की हत्या कर दी।

वारदात के बाद रामपाल ने हत्या में इस्तेमाल किए गए लोहे के बांका को नौगवां हर्षासहाय पट्टी गांव की नहर के पास एक पुलिया के किनारे पाकड़ के पेड़ में छिपा दिया था, जिसे अब पुलिस ने बरामद कर लिया है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि रामपाल के खिलाफ यह पहला हत्या का मामला नहीं है। उस पर पहले भी वर्ष 2002 में हत्या का केस (मु.अ.सं. 208/2002 धारा 302/201 IPC) दर्ज हो चुका है। फिलहाल, पुलिस ने रामपाल को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अन्य दो आरोपियों के खिलाफ जांच अभी जारी है।

Also Read: प्रयागराज में लगे पोस्टर ने खड़ा किया नया विवाद, सपा नेता ने BJP पर लगाए गंभीर आरोप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.